
पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दो दिन के बिहार दौरे से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने स्वागत में पटना समेत राज्य के दूसरे हिस्सों में आॅपरेशन सिंदूर से जुड़ा पोस्टर लगाया है। दो तरह के पोस्टर भाजपा दफ्तर पर लगे हैं। एक पोस्टर में नारा है- ना देश झुकेगा, ना बिहार का विकास रुकेगा। दूसरे पोस्टर में लिखा है- जो सिंदूर मिटाने निकले थे, उन्हें मिट्टी में मिलाया है। ठीक 35 दिन बाद फिर से बिहार दौरे पर आ रहे मोदी इससे पहले पहलगाम हमले के बाद 24 अप्रैल को मधुबनी आए थे और वहीं से ऐलान किया था कि आतंकियों और हमले की साजिश रचने वालों को उनकी कल्पना से बड़ी सजा दी जाएगी।
पीएम मोदी ने मधुबनी की सभा में हिन्दी और अंग्रेजी में दुनिया के देशों और नेताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि आतंकियों की बची-खुची जमीन को भी मिट्टी में मिलाने का समय आ गया है। पीएम के स्वागत में लगे पोस्टरों में उस बयान पर भारतीय सेना के अमल की झलक दिख रही है, जिसने आॅपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तानी कब्जे वाले कश्मीर और पाकिस्तान के अंदर अन्य आतंकी ठिकानों पर तगड़ी चोट की है। आॅपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के कई एयरबेस को भी जबर्दस्त नुकसान हुआ है।
पीएम मोदी गुरुवार की शाम पटना पहुंच रहे हैं और विमान से उतरते ही काम में जुट जाएंगे। वो सबसे पहले पटना एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्घाटन करेंगे। पटना एयरपोर्ट पर यात्रियों की अपार भीड़ के मद्देनजर नया टर्मिनल भवन बनाया गया है जिसमें एरोब्रिज सुविधा भी मिलेगी। टर्मिनल भवन के उद्घाटन के बाद बाद पीएम मोदी पटना में रोड शो करते हुए बिहार भाजपा के दफ्तर पहुंचेंगे। रोड शो के दौरान पीएम मोदी का जगह-जगह स्वागत होगा, जिसके लिए बीजेपी ने 32 जगहों पर मंच भी बनवाया है।
पीएम मोदी बीजेपी दफ्तर में पार्टी के नेताओं के साथ विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मजबूत बूथ पर एक बैठक के बाद राजभवन जाएंगे और वहीं रात्रि विश्राम करेंगे। पीएम मोदी की शुक्रवार को रोहतास जिले के विक्रमगंज में जनसभा है, जहां से वो शाहाबाद इलाके में कई विकास योजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। ये वो इलाका है, जहां लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा और एनडीए के दूसरे दलों को झटका लगा था। बिहार भाजपा के अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पीएम मोदी के अगले दौरे की तारीख भी बता दी है। मोदी 20 जून को फिर बिहार आएंगे।
