
रांची । झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए हो रहे द्विवार्षिक चुनाव में उद्योगपति परिमल नथवानी मैदान में उतर आए हैं। नथवानी निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर उतरे हैं, लेकिन उन्हें एनडीए के विधायकों का समर्थन प्राप्त है। सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करने के पहले पहले उन्होंने भाजपा और सहयोगी दलों के विधायकों से मुलाकात की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि उनकी जीत सुनिश्चित है। नथवानी सोमवार सुबह राजधानी रांची में हटिया से भाजपा विधायक नवीन जायसवाल के आवास पहुंचे, जहां भाजपा और एनडीए के सहयोगी दलों के विधायकों के साथ उनकी बैठक हुई। बैठक में राज्यसभा चुनाव की रणनीति और समर्थन को लेकर चर्चा हुई। पत्रकारों से बातचीत में नथवानी ने कहा कि वह संख्या बल की चर्चा नहीं करना चाहते, लेकिन उन्हें अपनी जीत का पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा, “मैं पुराना झारखंडी हूं और झारखंड के लोगों ने मेरा काम देखा है। मुझे विश्वास है कि मैं चुनाव जीतूंगा और एक बार फिर राज्य के हितों के लिए काम करने का अवसर मिलेगा।”
नथवानी इससे पहले भी झारखंड से दो बार राज्यसभा के सदस्य रह चुके हैं। उन्होंने कहा कि अपने पूर्व कार्यकाल के दौरान उन्होंने राज्य के विकास के लिए कई काम किए थे। उन्होंने विश्वास जताया कि विधायक उनके पिछले कार्यों को ध्यान में रखते हुए समर्थन देंगे।
इस अवसर पर भाजपा विधायक दल के नेता एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि भाजपा ने परिस्थितियों को देखते हुए परिमल नथवानी को समर्थन देने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास राज्यसभा सीट जीतने के लिए पर्याप्त संख्या बल नहीं था, इसलिए व्यापक रणनीति के तहत नथवानी का समर्थन किया गया है।
मरांडी ने कहा कि नथवानी एक “टेस्टेड” व्यक्ति हैं और झारखंड उन्हें पहले भी राज्यसभा सदस्य के रूप में देख चुका है। दूसरी ओर, सत्तारूढ़ गठबंधन ने नथवानी की उम्मीदवारी को लेकर भाजपा पर निशाना साधा है।
झामुमो नेता और राज्य सरकार के मंत्री सुदिव्य कुमार ने आरोप लगाया कि भाजपा राज्यसभा चुनाव के जरिए विधायकों की खरीद-फरोख्त की राजनीति करना चाहती है। कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के. राजू ने भी इसी प्रकार के आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। झारखंड की दो राज्यसभा सीटों के लिए हो रहे नामांकन का सोमवार को आखिरी दिन है। कांग्रेस ने प्रणव झा और झामुमो ने बैजनाथ राम को उम्मीदवार बनाया है।

