उज्जैन। उच्चतम न्यायालय की वकील और भाजपा नेता नाजिया खान ने शनिवार को सर्वपितृ अमावस्या पर मध्य प्रदेश के उज्जैन के रामघाट पर अपने पूर्वजों के लिए तर्पण किया। शिप्रा नदी के किनारे करीब एक घंटे तक पूजन-अर्चन करने के बाद उन्होंने कहा कि तर्पण की जानकारी सामने आने के बाद उन्हें धमकी भरे कॉल आए। नाजिया ने कहा कि इन धमकियों से वह डरने वाली नहीं हैं।

नाजिया खान शनिवार सुबह करीब 11 बजे उज्जैन पहुंचीं और रामघाट पर विधि-विधान से तर्पण किया। उन्होंने कहा कि वह अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त करना चाहती थीं। नाजिया ने पंडित से अपने खानदान में बकरीद यानी ईद-उल-अजहा के दौरान दी गई पशुओं की कुर्बानी का जिक्र किया था। उन्होंने उन जानवरों की मोक्ष प्राप्ति के लिए भी पूजा कराने की इच्छा जताई। उन्होंने पंडित ने इसके लिए अलग से पूजा कराई।

नाजिया खान ने कहा कि तर्पण करने की बात सामने आने के बाद उन्हें पाकिस्तान के शहजाद भट्टी के टेररिस्ट नेटवर्क से धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) और जम्मू-कश्मीर से भी धमकी भरे कॉल आने की बात कही। उन्होंने बताया कि उन्हें करीब सात से आठ बार फोन आए। कॉल करने वालों ने उन्हें तर्पण नहीं करने को कहा और आने-जाने के दौरान सतर्क रहने की चेतावनी दी। नाजिया ने कहा, “मुझे कहा गया है कि संभलकर आना और संभलकर जाना, कहीं भी कुछ भी हो सकता है। लेकिन मैं डरने वाली नहीं हूं।” हालांकि धमकी मिलने के उनके दावों की पुष्टि की जानकारी उपलब्ध नहीं है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version