
पटना: । बिहार की राजनीति का एक ऐसा सितारा डूब गया, जिसने भले ही एक भी चुनाव न जीता हो, लेकिन कई दिलों को जरूर जीत लिया था। आपने सही समझा, भागलपुर के नागरमल बाजोरिया अब नहीं रहे। 97 साल की उम्र में उन्होंने आखिरी सांस पटना में ली। नागरमल बाजोरिया सिर्फ एक नाम नहीं बल्कि जीवटता की जीती जागती मिसाल थे। बढ़ती उम्र के चलते वो पिछले कई साल से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे।
धरती पकड़ के नाम से मशहूर नागरमल बजोरिया को इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच में भर्ती कराया गया था। घरवालों के अनुसार धरती पकड़ नागरमल बाजोरिया पिछले 10 से 15 दिन से बीमार थे और पटना के PMCH में उनका इलाज चल रहा था। गुरुवार को उन्होंने PMCH में ही अंतिम सांस ली। अब उनके पार्थिव शरीर को भागलपुर ले जाया गया है।
शुक्रवार को भागलपुर में होगा अंतिम संस्कार : नागरमल बजोरिया का चुनावी दफ्तर वैसे तो पटना के एग्जिबिशन रोड चौराहे पर खुला रहता था। लेकिन वो रहने वाले भागलपुर के थे। वहां के एम पी द्विवेदी रोड में उनका घर है। नागरमल बाजोरिया का अंतिम संस्कार शुक्रवार को किए जाने की तैयारी है। उनके घरवालों के मुताबिक भागलपुर के बरारी घाट पर शुक्रवार को 11 बजे नागरमल बाजोरिया का अंतिम संस्कार किया जाएगा। नागरमल बाजोरिया के तीन बेटे हैं जिनके नाम सतीश कुमार बाजोरिया, अजय कुमार बाजोरिया और दिलीप कुमार बाजोरिया हैं।
