मुजफ्फरपुर। बिहार में मुजफ्फरपुर जिले की विश्व प्रसिद्ध ‘शाही लीची’ का इंतजार खत्म हो चुका है। अपनी खास मिठास, लाजवाब सुगंध और पतले छिलके के लिए देश-विदेश में मशहूर शाही लीची अब स्थानीय बाजारों में सजने लगी है। शहर के प्रमुख व्यावसायिक केंद्रों जैसे स्टेशन रोड और क्लब रोड सहित कई बाजारों में लाल रंग की आकर्षक लीचियां ग्राहकों को अपनी ओर खींच रही हैं। हालांकि, सीजन की शुरुआती आवक होने के कारण फिलहाल इसकी कीमतें आसमान छू रही हैं और यह बाजार में 400 प्रति सैकड़ा (100 पीस) की दर से बिक रही है।

बाजार के स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि अभी बागानों से लीची की तुड़ाई बहुत ही सीमित मात्रा में की जा रही है। बाजार में फल की उपलब्धता कम होने और इसके शौकीनों की भारी भीड़ होने के कारण शुरुआती दौर में डिमांड और कीमत दोनों काफी ज्यादा हैं। रोहुआ क्षेत्र के लीची व्यवसायी वीरू साह ने बताया कि शाही लीची का क्रेज लोगों में इस कदर होता है कि सीजन की पहली खेप आते ही लोग ऊंची कीमत पर भी इसे खरीदने को तैयार हैं। यही वजह है कि फिलहाल 400 सैकड़ा की दर पर इसकी धड़ल्ले से बिक्री हो रही है।

आम उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि ये ऊंचे दाम बहुत दिनों तक नहीं रहने वाले हैं। कांटी से मुजफ्फरपुर बाजार पहुंचे फल व्यापारी विशाल साह ने जानकारी दी कि बागानों में अब बड़े पैमाने पर तुड़ाई की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। अगले एक सप्ताह के भीतर बाजार में लीची की आवक में भारी तेजी आएगी। व्यापारियों का अनुमान है कि मई के आखिरी सप्ताह और जून के पहले सप्ताह तक बाजार शाही लीची से पूरी तरह पट जाएगा। आवक बढ़ने से इसकी कीमतों में भारी गिरावट आएगी, जिससे यह आम लोगों के बजट में आ सकेगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version