रामगढ़ । रामगढ़ नगर परिषद चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक शनिवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष संजीव बावला ने की। बैठक का उद्देश्य भाजपा समर्थित नगर परिषद अध्यक्ष प्रत्याशी प्रिया करमाली की जीत सुनिश्चित करना रहा। बैठक में झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू जी, हजारीबाग लोकसभा के सांसद मनीष जायसवाल, बड़कागांव के विधायक रोशन लाल चौधरी, चुनाव प्रभारी शशि भूषण मेहता, सह प्रभारी चौधरी, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रवीण मेहता, अमरेंद्र गुप्ता, राजू चतुर्वेदी, आनंद बेदीया, रंजीत पांडे समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि नगर परिषद चुनाव को हल्के में नहीं लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब पूरे झारखंड में नगर परिषद के अध्यक्ष मजबूत होंगे, तब विधानसभा और लोकसभा भी मजबूत होंगी। यही चुनाव आने वाली सरकार की नींव तय करेगा। उन्होंने हर बूथ पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय रहकर जीत सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक के दौरान नगर परिषद चुनाव के लिए प्रभारी एवं सह प्रभारी की घोषणा की गई तथा कार्यकर्ताओं को उनके दायित्वों की जानकारी दी गई। “जीत सुनिश्चित हो” को मूल मंत्र बताते हुए सभी कार्यकर्ताओं से गंभीरता से चुनाव लड़ने का आह्वान किया गया।

प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू के रामगढ़ आगमन पर जिलाध्यक्ष संजीव बावला के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया। जिला अध्यक्ष ने विश्वास जताया कि पार्टी हर परिस्थिति में यह चुनाव जीतने में सफल होगी।

भाजपा समर्थित उम्मीदवार प्रिया करमाली को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। नेताओं ने विश्वास जताया कि सांसद, विधायक, प्रदेश अध्यक्ष और चुनाव प्रभारी के सामूहिक प्रयास से प्रिया करमाली अपने क्षेत्र में जीत दर्ज करेंगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version