वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को संसदीय क्षेत्र वाराणसी पहुंचे, उनका जबरदस्त स्वागत हुआ। बाबतपुर एयरपोर्ट से लेकर शहर के विभिन्न मार्गों तक हर-हर महादेव और मोदी-मोदी के नारों से वातावरण गूंज उठा। प्रधानमंत्री मोदी ने बीएलडब्ल्यू मैदान पर आयोजित विशाल महिला सम्मेलन को संबोधित किया, जिसमें हजारों की संख्या में महिलाओं ने भाग लिया। सम्मेलन में महिलाओं को बैठने के बनाए गए सभी सेक्टर में प्रधानमंत्री ने स्वयं जाकर उनका अभिवादन किया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि नारी शक्ति ही नए भारत की असली ताकत है, और जब महिलाएं आगे बढ़ती हैं तो पूरा समाज आगे बढ़ता है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि सभी माताओं, बहनों से एक महायज्ञ की शुरूआत के लिए आशीर्वाद लेने आया हूं। यह लक्ष्य लोकसभा और विधान सभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण लागू करना है। हमने प्रयास किया लेकिन सपा और कांग्रेस जैसे दलों ने यह नहीं होने दिया। हम लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाए। आरक्षण लागू हो, इसमें मैं कोई कोर कसर नहीं छोड़ूंगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में लंबे समय तक महिलाएं उपेक्षित रहीं। कई बार महिलाओं से सवाल तक नहीं पूछे जाते थे और सीधे निर्णय थोप दिए जाते थे। यह स्थिति केवल काशी ही नहीं, बल्कि देश के अधिकांश हिस्सों में बहन-बेटियों का अनुभव रही है। मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि कुछ परिवारवादी दल नारी शक्ति से भयभीत हैं और नहीं चाहते कि महिलाएं विधानसभा और संसद तक पहुंचें। विपक्ष को डर है कि यदि महिलाएं बड़ी संख्या में राजनीति में आईं, तो उनकी पारंपरिक राजनीति समाप्त हो जाएगी। उन्होंने विशेष रूप से जोर देते हुए कहा कि वे महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने के लिए संसद और विधानसभाओं में 33 फीसदी आरक्षण दिलाने के प्रयास को लागू करने में कोई कसर नहीं छोड़ेंगे। प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र काशी को 6,332.08 करोड़ लागत की 163 परियोजनाओं की सौगात दी। जिसमें 1,054.69 करोड़ की 50 परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 5277.39 करोड़ की 113 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। लोकार्पित वाली योजनाओं में सबसे प्रमुख 308.09 करोड़ की लागत से तैयार एसटीपी, 144.43 करोड़ की लागत से तैयार कज्जाकपुरा आरओबी, 45.91 करोड़ से तैयार सारनाथ स्थित तिब्बती संस्थान में सोवा रिग्पा मेडिकल कालेज है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version