
पटना । गांधी मैदान गुरुवार को उस समय तालियों, नारों और संगीत के जबरदस्त उत्साह से गूंज उठा, जब मंच से भोजपुरी अंदाज में गूंजा जोड़ी मोदिया-नीतीश की जोड़ी हीट होइल। यह गीत शुरू होते ही पूरा मैदान मानो एक साथ थिरक उठा। जनसमूह ने गमछा हवा में लहराते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जोड़ी के प्रति अपना उत्साह और समर्थन खुले तौर पर जाहिर किया।
मंच के सामने उपस्थित लोगों ने गमछे को दाएं-बाएं लहराकर ऐसा माहौल बना दिया, जिसने इस समारोह को सिर्फ औपचारिक कार्यक्रम नहीं रहने दिया, बल्कि एक बड़े जनोत्सव में बदल दिया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गांधी मैदान पहुंचते ही स्वागत का ऐसा माहौल बना, जिसने पूरे आयोजन को चरम पर पहुंचा दिया।
इस बीच सांस्कृतिक कार्यक्रम भी लगातार जारी रहे। शारदा सिन्हा के छठ गीतों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया, वहीं मनोज तिवारी और पवन सिंह जैसे भोजपुरी कलाकारों की मौजूदगी ने भीड़ में नई ऊर्जा भर दी।
उत्साह, ऊर्जा और उम्मीदों से भरे दिन के बीच राज्य के नवनिर्वाचित एनडी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में लोगों का जोश देखने लायक था। मंच से बज रहे चुनावी लोकगीत जोड़ी मोदी अउर नीतीश जी के हिट हो गईल ने माहौल को और भी रंगीन बना दिया। धुन शुरू होते ही समारोह स्थल तालियों और नारों से गूंज उठा।
समारोह में पहुंचे अरवल के राम गोविंद सिंह ने इस भारी बहुमत को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोकप्रियता का नतीजा बताया। उनके अनुसार, मोदी जी के नेतृत्व और उनकी कार्यशैली ने ही बिहार में यह बड़ा जनादेश दिलाया है। दूसरी ओर नालंदा के आलोक महतो का मानना था कि नीतीश कुमार की साफ छवि और लंबे शासन का भरोसा जीत का बड़ा कारण बना है।
दोनों के बीच चल रही चर्चा को सारण से आई छात्रा रेखा कुमारी ने सहज शब्दों में समाप्त कर दिया। उसने कहा कि, ह्ययह जीत किसी एक की नहीं, बल्कि सामूहिक जीत है। राजग की जीत है और जनता की जीत है। यह गाना भी यही कह रहा है, मोदी और नीतीश की जोड़ी ही इस बार विजेता रही है।
