जागरूकता अभियान को मिली नई गति

नेत्रदान – अंगदान शिविर का आयोजन

रांची। नेत्रदान जैसे महादान को जन-आंदोलन बनाने की दिशा में रविवार को एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली, जब भारत सरकार के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने स्वयं नेत्रदान का संकल्प लेते हुए समाज को प्रेरित किया। उन्होंने न केवल नेत्रदान का फॉर्म भरा, बल्कि लोगों से भी इस पुनीत कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के समाज कल्याण (महिला) एवं कला प्रकोष्ठ द्वारा आयोजित नेत्रदान–अंगदान सह नेत्र जांच शिविर में स्वागत उद्बबोधन करते हुए प्रकोष्ठ की अध्यक्ष स्मिता ने मंत्री के इस कदम को प्रेरणादायक बताते हुए आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे समाज में सकारात्मक संदेश जाएगा तथा अधिक लोग नेत्रदान और अंगदान के लिए आगे आएंगे। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित पी.के. लाला (मानवाधिकार आयोग) और डॉ. पी. सिन्हा (झारखंड आई बैंक) ने भी नेत्रदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की।
महासभा के झारखंड अध्यक्ष डॉ. सी.बी. सहाय ने नेत्रदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए वैज्ञानिक तथ्यों के साथ इसकी उपयोगिता समझाई। वहीं, राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश कुमार ने इस पहल को अभियान का रूप देने का आह्वान करते हुए आयोजक टीम का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) की आई बैंक एवं स्टेट ऑर्गन एंड टिश्यू ट्रांसप्लांट ऑर्गनाइजेशन , झारखंड द्वारा पावर पॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से लोगों को नेत्रदान और अंगदान की प्रक्रिया एवं महत्व की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में नेत्रदान एवं अंगदान के लिए पंजीकरण कराने वाले लोगों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में राजश्री जयंती व इंदु पराशर की विशिष्ट उपस्थिति रही। आयोजन को सफल बनाने में प्रकोष्ठ अध्यक्ष स्मिता के साथ प्रीति, उमा सिन्हा, निर्मला कर्ण, रेणुबाला धर, इंदु, रंगोली, सत्या, गुप्तेश्वर जी और पवन किशोर सहित अन्य सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। यह आयोजन न केवल जागरूकता का माध्यम बना, बल्कि समाज में सेवा और मानवता के मूल्यों को सशक्त करने की दिशा में एक प्रभावी कदम साबित हुआ।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version