रांची। झारखंड के स्वास्थ्य एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को एक बार फिर जान से मारने की गंभीर धमकी मिली है।

रविवार की रात करीब 11:56 बजे एक अज्ञात मोबाइल नंबर (7005758247) से उन्हें धमकी भरा फोन आया, जिसमें धमकी देने वाले ने कहा कि तुम्हें जान से मार डालेंगे।

मंत्री उस समय बोकारो के सर्किट हाउस में रुके हुए थे, जहां वे आधिकारिक कार्यक्रमों के सिलसिले में पहुंचे थे। धमकी देने वाले ने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए हत्या की धमकी दी।

मंत्री को कहा कि तुम बस इंतजार करो। तुम्हें बहुत जल्द उड़ा देंगे। मंत्री ने पुलिस को इस घटनाक्रम से अवगत कराया है।

पहले भी मिल चुकी है धमकी

यह पहला मौका नहीं है जब मंत्री इरफान अंसारी को ऐसी धमकियां मिल रही हैं। कुछ दिन पहले गिरिडीह के एक युवक ने इंटरनेट मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर इरफान अंसारी सहित नगर विकास मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू को बम से उड़ा देने की धमकी दी थी।

उस वीडियो में युवक ने खुद को कुख्यात अपराधी लॉरेंस बिश्नोई का भाई बताया और 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। गिरिडीह पुलिस ने उस युवक को दबोचा।

मंत्री इरफान अंसारी के कार्यालय ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि वे डरने वाले नहीं‌ हैं। कानून अपना काम करेगा। पूरे घटनाक्रम से प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version