
नई दिल्ली। भारत में मानसून की दस्तक के साथ ही अगले कुछ दिनों तक देश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है।



भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक 22 से 26 जून के बीच देश के उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य प्रदेश, गुजरात, कोंकण और गोवा में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। खास बात यह है कि कुछ राज्यों में तो अगले कुछ दिनों में अत्यधिक भारी बारिश भी हो सकती है।
आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार 22 जून को गुजरात क्षेत्र के कुछ हिस्सों में, जबकि 23 और 24 जून को मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में 20 सेमी से भी अधिक बारिश हो सकती है। वहीं, पूर्वोत्तर भारत में भी अगले तीन दिनों तक लगातार भारी बारिश के आसार हैं और उसके बाद अगले चार दिनों तक भी तेज बारिश की संभावना बनी रहेगी।
देश के मध्य भारत में पश्चिमी मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ जैसे इलाकों में 23 और 24 जून को अत्यधिक भारी वर्षा हो सकती है। 22 से 27 जून के दौरान अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, बिहार, झारखंड, गंगा क्षेत्र का पश्चिम बंगाल और ओडिशा में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, इससे यातायात और बिजली जैसी सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।

