
जमशेदपुर। सिदगोड़ा थाना क्षेत्र स्थित मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के तीसरे वर्ष के छात्र दिव्यांशु पांडेय ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। दिव्यांशु मूल रूप से बिहार के समस्तीपुर जिले के काशीपुर का रहने वाला था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका है और बड़े भाई शुभ्रांशु पांडेय उसे पढ़ाई करवा रहे थे। भाई ने बताया कि गुरुवार शाम तक उनकी बातचीत हुई थी, लेकिन किसी परेशानी का संकेत नहीं था। दिव्यांशु ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।
मिली जानकारी के अनुसार, 21 अगस्त की शाम दिव्यांशु ने अपने हॉस्टल कक्ष में सल्फास का सेवन कर लिया। यह अत्यधिक जहरीला कीटनाशक है, जिसका उपयोग अनाज को सुरक्षित रखने के लिए किया जाता है।
शरीर में पहुंचते ही यह हृदय, फेफड़े और अन्य महत्वपूर्ण अंगों को क्षति पहुंचाता है। शाम करीब सात बजे तबीयत बिगड़ने पर दोस्तों ने उसे तत्काल टाटा मेन अस्पताल (टीएमएच) में भर्ती कराया। इलाज के दौरान 22 अगस्त को तड़के डेढ़ बजे उसकी मौत हो गई।
