दुमका। झारखंड कांग्रेस के प्रभारी के राजू ने अपने दुमका प्रवास में सनसनीखेज बयान दिया है। पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि हमें यह फीडबैक मिला है कि काफी संख्या में ऐसे कांग्रेसी हैं, जो भाजपा के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। खास बात इसमें यह भी है कि इसमें कांग्रेस के कार्यकर्ता स्तर के लोग भी शामिल हैं।
कांग्रेस प्रदेश प्रभारी के राजू ने कहा कि अभी वह पूरे झारखंड का दौरा कर रहे हैं। हर जगह कांग्रेसियों के भाजपा में घुसपैठ की शिकायत मिल रही है। उन्होंने कहा कि इस शिकायत को काफी गंभीरता से लिया जा रहा है और इसको एग्जामिन किया जायेगा। उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा। कहा कि भाजपा, कांग्रेस मुक्त भारत की बात कहती है तो वह कांग्रेस को कमजोर करने के लिए हर हथकंडा अपनायेगी। हमें सतर्क रहना है। इस मौके पर उनके साथ झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष केशव महतो कमलेश, मंत्री दीपिका सिंह पांडे, विधायक प्रदीप यादव भी मौजूद रहे।

के राजू ने कहा कि झारखंड में कांग्रेस पार्टी को मजबूत हमारा उद्देश्य है। हम कार्यकर्ताओं को साफ शब्दों में यह निर्देश दे रहे हैं कि आप जनता से जुड़िये। हमारा उद्देश्य सिर्फ चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि जनता की सेवा करना है। अगर कोई ऐसी बात है जिस पर हमारे गठबंधन की सरकार का ध्यान नहीं है, लेकिन वह पब्लिक इश्यू है तो भी हमारा यह कर्तव्य है कि हम सरकार के संज्ञान में ऐसी बातों को सामने लायें। उन्होंने कहा, झारखंड में कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए हमारी पार्टी महिलाओं और युवाओं को बढ़ावा देने की योजना बनायी है। इसके साथ ही दलित, पिछड़ा और अल्पसंख्यक सभी लोगों को हम साथ लेकर चलेंगे।

उन्होंने कहा कि झारखंड में जो भी बोर्ड निगम के पद रिक्त हैं, उसे लेकर भी हमारा मंथन जारी है। कौन कहां फिट होंगे इस पर विचार किया जा रहा है। इस मौके पर मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने हजारीबाग में एनटीपीसी के डीजीएम की हत्या के सवाल पर कहा कि ऐसी घटना चिंता का विषय है। सरकार और अधिकारी काफी गंभीर है। जो भी इस तरह की घटना घटी है, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय से सजा दिलाया गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version