रांची । जिय-जिय हो बिहार के लाला से रांची का बिरसा मुंडा एयरपोर्ट तब गूंज उठा जब भारतीय क्रिकेट टीम और वेस्टइंडीज की टीमें मैच के लिए में रांची पहुंचीं। एयरपोर्ट पर खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया और फैंस ने अपने पसंदीदा क्रिकेटर्स का उत्साह बढ़ाने के लिए यह प्रसिद्ध नारा लगाया। बुधवार शाम दोनों टीमें होटल रेडिशन ब्लू पहुंचीं तो खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए प्रशंसकों का हुजूम उमड़ पड़ा।

होटल के दोनों ओर बैरिकेडिंग के पीछे बड़ी संख्या में प्रशंसक घंटों से खिलाड़ियों के आने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही भारतीय खिलाड़ी बस से उतरने लगे, मोबाइल कैमरे निकल आए और पसंदीदा क्रिकेटरों के नाम से परिसर गूंज उठा। ईशान किशन और युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को देखने के लिए प्रशंसकों में खास उत्साह रहा। होटल से शाम करीब 6.30 बजे ईशान और वैभव जेएससीए स्टेडियम पहुंचे। कुछ देर ग्राउंड को देखा। दोनों करीब एक घंटे तक स्टेडियम में रहे और अपने फैन से मिले। इसके बाद होटल के लिए रवाना हो गए।

हाजीपुर-हाजीपुर सुनकर फैन के पास पहुंचे ईशान : होटल पहुंचने के दौरान भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ईशान किशन ने अपने एक प्रशंसक को खास तोहफा दिया। हाजीपुर निवासी विशाल कुमार होटल के बाहर खड़े होकर लगातार ह्यहाजीपुर-हाजीपुरह्ण पुकार रहे थे। आवाज ईशान तक पहुंची तो वह खुद विशाल के पास चले गए और उन्हें आटोग्राफ दिया। विशाल ने बताया कि बुधवार को उनका जन्मदिन भी था। जन्मदिन के दिन ईशान से मिला आॅटोग्राफ उनके लिए यादगार बन गया। ईशान के इस अंदाज ने वहां मौजूद अन्य प्रशंसकों का भी उत्साह बढ़ा दिया।

दोनों टीमों के होटल पहुंचने से काफी पहले ही प्रशंसक वहां जुट गए थे। बैरिकेडिंग के पीछे खड़े प्रशंसक खिलाड़ियों के बाहर निकलने का इंतजार करते रहे। बस रुकते ही मोबाइल फोन के कैमरे शुरू हो गए। ईशान किशन, वैभव सूर्यवंशी, श्रेयस अय्यर समेत अन्य खिलाड़ियों को देखने के लिए प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह रहा। खिलाड़ी जैसे ही बस से उतरते, प्रशंसक उनके नाम के नारे लगाने लगते।

भारी सुरक्षा के बीच एयरपोर्ट से होटल पहुंचीं टीमें : दोनों टीमें बुधवार शाम करीब 3:30 बजे एक ही चार्टर्ड विमान से बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पहुंचीं। खिलाड़ियों के स्वागत के बाद करीब 3:45 बजे दोनों टीमें एयरपोर्ट से होटल रेडिशन ब्लू के लिए रवाना हुईं। भारी सुरक्षा के बीच शाम 4:06 बजे टीमों का काफिला होटल पहुंचा। भारतीय टीम की बस पहले होटल पहुंची। खिलाड़ी एक-एक कर बस से उतरे और अपना सामान लेकर अंदर गए। खिलाड़ियों को सामान निकालने में करीब चार से पांच मिनट लगे। काफिले के गुजरने के दौरान आसपास का यातायात करीब आधे घंटे तक रोका गया।

आज जेएससीए में अभ्यास करेंगी दोनों टीमें : मैच से पहले गुरुवार को दोनों टीमें जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में अभ्यास करेंगी। दोपहर करीब डेढ़ बजे वेस्टइंडीज की टीम अभ्यास के लिए मैदान पर उतरेगी, इसके बाद शाम पांच बजे भारतीय टीम अभ्यास करेगी। दोनों टीमों के लिए तीन-तीन घंटे के अभ्यास सत्र निर्धारित किए गए हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version