
रांची। रांची डाक मंडल की ओर से शनिवार को रांची जीपीओ से लॉजिस्टिक पोस्ट सेवा का शुभारंभ किया गया।स अवसर पर बतौर मुख्य अतिथि निदेशक डाक सेवाएं झारखंड परिमंडल, राम विलास चौधरी सहित अन्य डाक पदाधिकारियों ने रांची–सिमडेगा मार्ग के लिए पहली लॉजिस्टिक पोस्ट गाड़ी को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
निदेशक राम विलास चौधरी ने कहा कि यह पहल राज्य के व्यापारिक एवं औद्योगिक विकास को नई दिशा देगी। उन्होंने बताया कि लॉजिस्टिक पोस्ट सेवा के माध्यम से ग्राहकों को किफायती दरों पर तेज और सुरक्षित परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी।
सहायक निदेशक (व्यवसाय विकास) शांतनु आजाद ने सेवा की विशेषताओं की जानकारी देते हुए कहा कि यह सेवा विशेष रूप से ई-कॉमर्स, लघु और मध्यम उद्यमों एवं स्थानीय व्यापारियों के लिए लाभकारी साबित होगी। उन्होंने कहा कि यह सेवा रांची से आसपास के शहरों तक सामान की तेज, सुरक्षित और किफायती ढुलाई सुनिश्चित करेगी, जिससे क्षेत्रीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ डाक अधीक्षक बीके पंडित, वरिष्ठ पोस्टमास्टर कमलेश राम, सहायक अधीक्षक अमर कुमार वर्मा सहित डाक विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।
