
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शनिवार को दानापुर-बिहटा एलिवेटेड कॉरिडोर व निमार्णाधीन राज्य आपदा मोचन बल मुख्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्हें यह जानकारी दी गयी कि अगले वर्ष सितंबर तक दानापुर-बिहटा एलिवेटेड कॉरिडोर पर परिचालन आरंभ हो जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस प्रोजेक्ट का काम तेजी से पूरा किए जाने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने निर्माणाधीन राज्य आपदा मोचन बल के मुख्यालय के निर्माण कार्य की प्रगति का भी जायजा लिया। तेजी से कार्य पूरा करने का दिया निर्देश दिया।
दानापुर-बिहटा एलिवेटेड कॉरिडोर निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि निमार्णाधीन एलिवेटेड पथ फोरलेन का होगा। इसमें चार बाईपास क्रमश: नेऊरागंज, पैनाल, कन्हौली और विशुनपुरा होंगे। यह पटना-बक्सर फोरलेन सड़क का हिस्सा है। इसकी लंबाई 25.081 किलोमीटर है जो दानापुर रेलवे स्टेशन से शुरू होकर कोईलवर ब्रिज को संपर्कता प्रदान करेगी।
1969.39 करोड़ रुपये होंगे खर्च : इस परियोजना की लागत 1969.39 करोड़ रुपये है। इसका निर्माण सीईगल इंडिया लिमिटेड द्वारा किया जा रहा। परियोजना के प्रारंभ की तिथि 11 मार्च 2024 है, जबकि समापन तिथि 06 सितबर 2026 निर्धारित है।
बिहटा दानापुर एलिवेटेड परियोजना का पहला पड़ाव निर्धारित समय से दो महीने पहले ही पूर्ण हो चुका है। वर्तमान प्रगति 30.07 प्रतिशत है। इस फोरलेन एलिवेटेड पथ में कुल 387 पिलर है, जिनमें से 289 का कार्य प्रगति पर है। इसमें चार बड़े पुल, 10 छोटे पुल, 37 पुलिया और 1 अंडरपास हैं।
