
नयी दिल्ली। प्रमुख स्टेनलेस स्टील निमार्ता जिंदल स्टेनलेस ने वित्त क्षेत्र के अनुभवी प्रबंधक कुंजल मेहता को अपना मुख्य वित्तीय अधिकारी (सीएफओ) नियुक्त किया है। उनकी नियुक्ति गुरुवार से प्रभावी हो गयी है। जिंदल स्टेनलेस के निदेशक मंडल की दिल्ली में आज हुई बैठक में श्री मेहता की नियुक्ति को मंजूरी प्रदान की गयी। उनके पास वित्त क्षेत्र में 25 साल से अधिक का अनुभव है। उन्होंने इस्पात, बिजली, बंदरगाह और रसद उद्योग तथा प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में काम किया है।मेहता की नियुक्ति के बाद, तरुण कुमार खुलबे मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक के रूप में अपने पद पर बने रहते हुए, सीएफओ के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जाएंगे। खुलबे को 25 जून, 2025 से सीएफओ की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई थी। बोर्ड ने पीटी ग्लोरी मेटल इंडोनेशिया को 1 जुलाई, 2026 से कंपनी की सहयोगी कंपनी के रूप में पुनर्वर्गीकृत करने को भी मंजूरी दी। मेहता एक चार्टर्ड अकाउंटेंट और कॉस्ट अकाउंटेंट हैं, जिन्हें बिजली, इस्पात, बंदरगाह और लॉजिस्टिक्स, प्रौद्योगिकी और आईटी-सक्षम सेवाओं जैसे क्षेत्रों में 25 से अधिक वर्षों का अनुभव है।
