
नयी दिल्ली। ‘स्टैंड-अप कॉमेडियन’ कुणाल कामरा ने कहा है कि वह महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के बारे में अपनी विवादास्पद टिप्पणियों के लिए माफी नहीं मांगेंगे। इसके साथ ही उन्होंने मुंबई में उस स्थान पर तोड़फोड़ किए जाने की आलोचना की, जहां ‘कॉमेडी शो’ रिकॉर्ड किया गया था।
शिवसेना कार्यकर्ताओं ने रविवार को मुंबई में खार क्षेत्र स्थित ‘हैबिटेट कॉमेडी क्लब’ में कथित रूप से तोड़फोड़ की थी, जहां कामरा का कार्यक्रम शूट किया गया था। इस कार्यक्रम में उन्होंने शिंदे पर ‘‘गद्दार” शब्द के जरिये कटाक्ष किया था। बड़ी संख्या में शिवसेना कार्यकर्ता रविवार रात ‘होटल यूनिकॉन्टिनेंटल’ के बाहर एकत्र हुए जहां संबंधित क्लब स्थित है।
उन्होंने क्लब और होटल परिसर में तोड़फोड़ की। ‘हैबिटैट क्लब’ वही स्थान है जहां विवादास्पद ‘इंडियाज गॉट लैटेंट’ शो को शूट किया गया था। शिंदे द्वारा वर्ष 2022 में तत्कालीन मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ बगावत किए जाने का जिक्र करते हुए कामरा ने अपने शो में फिल्म ‘दिल तो पागल है’ के एक गीत का संशोधित संस्करण गाया था।
कामरा ने सोमवार देर रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर साझा किए गए बयान में कहा कि जो लोग सोशल मीडिया पर उनका नंबर लीक करने में व्यस्त हैं या उन्हें लगातार फोन कर रहे हैं, उन्हें पता होना चाहिए कि सभी अज्ञात फोन कॉल उनके वॉयसमेल पर जा रही हैं और उन्हें ‘‘वही गाना” सुनाई देगा जिससे वे नफरत करते हैं।
कामरा ने लिखा, ‘‘मैं माफी नहीं मांगूंगा… मैं इस भीड़ से नहीं डरता और मैं अपने बिस्तर के नीचे छिपकर इसके शांत होने का इंतजार नहीं करूंगा।” उन्होंने कहा, ‘‘मैंने जो कहा, वह बिलकुल वैसा ही है जैसा कि अजित पवार (उपमुख्यमंत्री) ने एकनाथ शिंदे (उपमुख्यमंत्री) के बारे में कहा था।”
उनके कॉमेडी शो की क्लिप और इससे उत्पन्न राजनीतिक विवाद सोमवार को सुर्खियों में बना रहा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि कामरा को अपनी ‘‘निचले दर्जे की कॉमेडी” के लिए माफी मांगनी चाहिए जबकि विपक्षी नेता उद्धव ठाकरे ने कहा कि ‘कॉमेडियन’ ने कुछ भी गलत नहीं कहा।
कांग्रेस और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने भी कामरा का समर्थन किया। कामरा ने कहा कि आयोजन स्थल पर की गई तोड़फोड़ ‘‘बेवकूफी” है और यह ऐसा है कि मानो किसी ने टमाटर ले जा रहे ट्रक को इसलिए पलट दिया क्योंकि उसे परोसा गया ‘बटर चिकन’ पसंद नहीं आया।
कामरा ने कहा, ‘‘उस भीड़ के लिए संदेश जिसने यह तय किया कि ‘हैबिटेट’ को नहीं होना चाहिए: कोई मनोरंजन स्थल केवल एक मंच होता है। यह सभी प्रकार के कार्यक्रमों के लिए एक स्थल होता है। मेरी ‘कॉमेडी’ के लिए ‘हैबिटेट’ (या कोई अन्य स्थल) जिम्मेदार नहीं है और मैं क्या कहता हूं या करता हूं, उस पर न तो किसी का नियंत्रण है और न ही किसी के पास यह ताकत है। न ही किसी राजनीतिक दल के पास यह ताकत है।”
