
पटना। बिहार विधानसभा चुनाव में राजद की करारी हार ने लालू प्रसाद यादव के परिवार में बड़ी फूट डाल दी है। चुनाव से पहले बड़े बेटे तेज प्रताप को पार्टी से निकाले जाने की खबरों के बाद, अब चुनावी नतीजे आने के बाद लालू की बेटी रोहिणी आचार्य ने पार्टी और परिवार दोनों से नाता तोड़ने का ऐलान कर दिया। रोहिणी आचार्य ने अपनी विस्फोटक पोस्ट में दो नाम लिए, जिनमें एक नाम संजय यादव का है, जिन पर तेज प्रताप पहले ही मोर्चा खोल चुके हैं। दूसरा नाम रमीज का है, जिसने सियासी गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। रमीज नेमत का नाम सामने आते ही ये चर्चा शुरू हो गई है कि आखिर ये व्यक्ति कौन है, जिसके कहने पर लालू की बेटी ने इतना बड़ा फैसला लिया।
तेजस्वी के स्कूलिया फ्रेंड हैं रमीज : अगर, रोहिणी ने अपने एक्स पोस्ट में ‘रमीज’ नहीं लिखा होता तो शायद ही किसी पता चलता की ये रमीज कौन है। रोहिणी आचार्य की ओर से नामित रमीज उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के रहने वाले हैं। पूरा नाम रमीज नेमत खान है। वो पूर्व समाजवादी पार्टी सांसद रिजवान जहीर के दामाद हैं। मगर, सवाल उठता है कि तेजस्वी का रमीज से कनेक्शन कैसे हुआ? इसके जड़ में भी दिल्ली का डीपीएस स्कूल है। जहां कभी तेजस्वी यादव और संजय यादव साथ पढ़ा करते थे। संजय यादव की तरह ही रमीज नेमत भी तेजस्वी के क्रिकेट जमाने के दोस्त हैं। दिल्ली के डीपीएस मथुरा रोड (दिल्ली पब्लिक स्कूल) से पढ़ाई की है। नेमत ने जामिया यूनिवर्सिटी से एमबीए की डिग्री ली है। वैसे, नेमत ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में करीब 30 मैच झारखंड की टीम के लिए खेला है। बताया जाता है कि दाहिने हाथ के अच्छे बल्लेबाज रमीज रहे हैं। जब, स्कूलिया और क्रिकेटिया फ्रेंड 2015 में डिप्टी सीएम बना तो साल 2016 में बोरिया-बिस्तर लेकर संजय यादव की तरह रमीज नेमत भी बलरामपुर और दिल्ली छोड़कर पटना चले आए। तब, रमीज नेमत को डिप्टी सीएम आॅफिस में ‘बैकडोर’ का काम दिया गया। उसके बाद रमीज सीधे तेजस्वी के आॅफिस से जुड़ गए। फिर वो (रमीज) तेजस्वी के डेली रूटीन और कैंपेनिंग का काम रेगुलर देखने लगे। इस तरह तेजस्वी के इनर सर्कल में संजय यादव की तरह रमीज नेमत भी हैसियत रखते हैं। जिनका नाम तेजस्वी की दीदी ने परिवार छोड़ने वाले सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा है।
वैसे, रमीज नेमत का एक लंबा आपराधिक इतिहास है, जो 2021 में पंचायत चुनाव के दौरान हिंसा और बलवा के मामलों से शुरू हुआ था। 4 जनवरी 2022 को तुलसीपुर के पूर्व चेयरमैन फिरोज पप्पू की गला रेतकर हत्या की साजिश का मुख्य आरोपी। इस मामले में पुलिस ने रमीज, पूर्व सांसद और उनकी बेटी को गिरफ्तार किया था।
