
नई दिल्ली। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की ओर से पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खरगे के बयान की आलोचना करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता पहले भी प्रधानमंत्री मोदी और उनके परिवार को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां कर चुके हैं। शाह ने कहा कि लगातार चुनावी हार के कारण कांग्रेस में हताशा बढ़ी है और पार्टी की राजनीति में मुद्दों के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणियां हावी हो रही हैं। अमित शाह ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट कर खरगे की टिप्पणी पर आपत्ति जताई। उन्होंने लिखा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मयार्दाएं तार-तार कर दी हैं। यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों। कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें मौत का सौदागर कहा, तो कभी चायवाला कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है।केंद्रीय गृह मंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि बीते 12 वर्षों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा व निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है। जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकतार्ओं में भी आधार खोती जा रही है। शाह ने यह भी दावा किया कि जब-जब इन्होंने मोदी जी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियां की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।क्या है मामला : बिहार के पटना में डॉ. श्री कृष्ण सिंह की 139वीं जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में, कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संबोधन के दौरान हंगामा हो गया। वो लगातार पीएम मोदी के खिलाफ बोल रहे थे। इस दौरान वहां मौजूद एक व्यक्ति ने कहा कि पीएम मोदी कहीं नहीं जाएंगे, जिस पर खरगे ने जवाब दिया कि मोदी का बाप भी जाएगा। चल मोदी की झूठ बोलने की आदत है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता उस व्यक्ति को पीटते नजर आए। बताया जा रहा है कि युवक छपरा का रहने वाला है। वह खरगे को यह समझाने की कोशिश कर रहा था कि इस तरह की राजनीतिक लड़ाई से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सत्ता से नहीं हटाया जा सकेगा। इसी दौरान दोनों के बीच हुई बातचीत को लेकर कार्यक्रम में हंगामे की स्थिति बन गई। इस कार्यक्रम में खरगे ने चुनाव प्रक्रिया, ईवीएम, मतदाता सूची के एसआईआर और भाजपा तथा आरएसएस की विचारधारा को लेकर भी अपनी बात रखी।




