
नयी दिल्ली। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद उनके उत्तराधिकारी की तलाश शुरू हो गई है। भाजपा नीत राजग के पास बहुमत होने से संभावित नामों पर विचार किया जा रहा है। भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को निर्वाचक मंडल में बहुमत प्राप्त है, जिसमें लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य शामिल हैं। आगामी दिनों में संभावित नामों पर विचार किए जाने की संभावना है। भाजपा के पास इस पद पर चुनने के लिए नेताओं का एक बड़ा समूह है। राज्यपालों में से या संगठन के अनुभवी नेताओं अथवा केंद्रीय मंत्रियों में से किसी का चुनाव किया जा सकता है। धनखड़ भी उपराष्ट्रपति बनने से पहले पश्चिम बंगाल के राज्यपाल थे।



भाजपा के एक नेता ने कहा कि हम अभी इस पर विचार कर रहे हैं, लेकिन मेरा मानना है कि पार्टी किसी ऐसे व्यक्ति को चुनेगी, जो ठोस विकल्प हो और जिस पर कोई विवाद न हो। उन्होंने कहा कि पार्टी का कोई अनुभवी व्यक्ति पसंदीदा विकल्प हो सकता है। धनखड़ के तीन साल के कार्यकाल में राज्यसभा में विपक्षी दलों के साथ उनकी लगातार तकरार हुई, लेकिन अक्सर विवादास्पद मुद्दों पर उनकी तीखी टिप्पणियों ने सरकार को भी कई बार असहज किया। धनखड़ ने सोमवार शाम स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दिया था।
बिहार में बहुत जल्द विधानसभा चुनाव होने हैं, कयास लगाए जा रहे हैं कि कोई बिहार से ही अगला उपराष्ट्रपति बन सकता है। इसमें हरिवंश नारायण सिंह और नीतीश कुमार दोनों के नाम की चर्चा है। बिहार के छपरा जिले में जन्में हरिवंश नारायण सिंह को लंबा संसदीय अनुभव है। पीएम नरेंद्र मोदी के साथ भी उनके मधुर संबंध बताए जाते हैं।
एक अटकल यह भी चल रही है कि बिहार चुनाव से पहले धनखड़, नीतीश कुमार के लिए अगला उपराष्ट्रपति बनने का रास्ता बना रहे हैं। इस बार बीजेपी बिहार में अधिक सीटें जीतने की उम्मीद में है, इसलिए नीतीश को उपराष्ट्रपति बनाना उन्हें खुश रखने की एक रणनीति हो सकती है। मंगलवार को बीजेपी विधायक हरिभूषण ठाकुर ने अफवाहों को और हवा दे दी। ठाकुर ने पत्रकारों से बात करते हुए का कि अगर नीतीश कुमार को उपराष्ट्रपति बनाया जाता है, तो यह बिहार के लिए बहुत अच्छा होगा।
चर्चा ये भी है कि बीजेपी भी चर्चा में हैं। ग्वालियर राजघराने से ताल्लुक रखने वाली और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अगर उपराष्ट्रपति बनती हैं, तो वो देश की पहली महिला उपराष्ट्रपति होंगी। धनखड़ भी राजस्थान से ही थे, ऐसे में वसुंधरा राजे को उपराष्ट्रपति बनाकर उनके अनुभव और बीजेपी के भीतर मजबूत स्थिति को देखते हुए उन्हें एक संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है।

