
रांची : पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पत्नी कल्पना सोरेन को सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्रनाथ महतो ने विधायक पद की शपथ दिलाई। विधानसभा स्थित उनके कार्यालय कक्ष में हुए समारोह में उन्होंने कल्पना सोरेन का शपथ ग्रहण कराया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री चंपई सोरेन समेत राज्य सरकार के कई मंत्री और विधायक उपस्थित थे। कल्पना सोरेन ने शपथ ग्रहण के बाद कहा कि झारखंड के लोगों का आशीर्वाद मिला है। समय कम है। इसी के भीतर जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, वह निभाऊंगी।
हेमंत सोरेन बहुत अच्छा काम कर रहे थे। अब जो बचा-खुचा काम है, उसको मुझे पूरा करना है। समय कम है। पूरी तरह से जिम्मेदारी लेकर आगे काम करूंगी।
कल्पना सोरेन को मिल सकता है बड़ा पद
उल्लेखनीय है कि सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) में कल्पना सोरेन को बड़ा पद दिए जाने की तैयारी चल रही है। उन्हें केंद्रीय उपाध्यक्ष या महासचिव बनाया जा सकता है।
महज तीन माह के भीतर कल्पना सोरेन ने खुद को राज्य की राजनीति में स्थापित करने में कामयाबी पाई। वह लोकसभा चुनाव के दौरान स्टार प्रचारक बनकर उभरीं।
लोकसभा चुनाव में झामुमो के पक्ष में बेहतर परिणाम आया। पार्टी के सांसदों की संख्या एक से बढ़कर तीन हो गई।
