रांची। झारखंड आंदोलन के प्रबल योद्धा और धरतीपुत्र न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) एलपीएन शाहदेव की पुण्यतिथि पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेताओं ने रांची स्थित शाहदेव चौक पर उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन, केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ सहित कई भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

बाबूलाल मरांडी ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि एलपीएन शाहदेव झारखंड की मिट्टी और उसके उत्थान के लिए समर्पित एक महान योद्धा थे। उन्होंने अलग झारखंड राज्य के आंदोलन को नई दिशा दी और इसे आदिवासी-मूलवासी समाज का व्यापक जनआंदोलन बनाया।

मरांडी ने कहा कि न्यायाधीश पद से सेवानिवृत्त होने के बाद भी एलपीएन शाहदेव ने आंदोलन के लिए स्वयं को पूरी तरह समर्पित कर दिया। उन्होंने आंदोलन के दौरान अपनी गिरफ्तारी तक दी। लिहाजा, झारखंड की युवा पीढ़ी को ऐसे समर्पित आंदोलनकारियों के जीवन से प्रेरणा लेनी चाहिए।

प्रदेश भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू ने भी एलपीएन शाहदेव को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने झारखंड को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने का सपना देखा था। उनका संघर्ष और विचार आज भी राज्य के विकास के लिए प्रेरणास्रोत हैं। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एलपीएन शाहदेव के संघर्ष और योगदान को स्मरण करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version