
पटना। बिहार सरकार की मंत्री लेसी सिंह ने विभिन्न राजनीतिक मुद्दों, झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयान पर तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने झारखंड में छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को लेकर वहां की सरकार को आड़े हाथों लिया और साथ ही नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयानों पर भी कड़ा पलटवार किया।
झारखंड में छात्रों के प्रदर्शन पर मंत्री लेसी सिंह ने कहा कि वहां के मुद्दों को वहां की सरकार को देखना चाहिए। इस दौरान उन्होंने राजद नेता तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए दोहरे चरित्र का आरोप लगाया। लेसी सिंह ने कहा कि यह तो दोहरा चरित्र और दोहरी नीति है। जब बिहार में कुछ होता है तो वे बोलते हैं, लेकिन आज झारखंड में महागठबंधन की सरकार है तो वहां वे चुप हैं। जनता और छात्र सब देख रहे हैं कि कुछ लोग छात्रों और नौजवानों की आड़ में अपनी राजनीतिक रोटियां सेकना चाहते हैं। महागठबंधन के लोगों को कुछ मिल नहीं रहा है, इसलिए वे इस तरह की राजनीति कर रहे हैं।
नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव द्वारा बिहार में कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाने और सम्राट चौधरी के इस्तीफे की मांग पर मंत्री ने कहा कि सरकारें किसी के कहने से नहीं, बल्कि जनता के जनादेश से बनती हैं। तेजस्वी यादव विपक्ष के नेता हैं; सरकार जनता बनाती है। क्या उनके कहने से कोई इस्तीफा दे देगा? विधानसभा सत्र के दौरान उन्हें जनसमस्याओं को लेकर अपनी बात रखनी चाहिए। उपचुनाव से दो दिन पहले आकर वे सक्रिय होते हैं, जिससे उनकी गंभीरता का पता चलता है। बिहार की जनता सब जानती है।

