
रांची । जेपीएसएसी और जेएसएससी परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर आंदोलन कर रहे अभ्यर्थियों ने अब सरकार के खिलाफ लड़ाई तेज करने का ऐलान कर दिया है। शनिवार को जेपीएससी-जेएसएससी रिफॉर्म मंच के नेताओं ने ऐलान किया कि वे रविवार को राज्य के सभी 24 जिला मुख्यालयों पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस नेता राहुल गांधी के पुतले जलाएंगे। अगर इसके बाद भी उनकी मांगें नहीं सुनी गईं तो 20 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव किया जाएगा।
मंच ने पहली बार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के इस्तीफे की मांग भी उठाई। छात्र नेताओं ने कहा कि JSSC, CGL और JPSC की 11वीं से 13वीं परीक्षाओं को रद्द करने, कथित गड़बड़ियों की CBI जांच कराने की हमारी मांग है। सरकार को छात्रों के सवालों की जवाबदेही तय करनी होगी। अगर हमारी मांग पूरी नहीं कर पाते हैं तो मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने पद से इस्तीफा दें।
अब भगत सिंह और सुभाष चंद्र बोस का रास्ता अपनाएंगे : मंच के प्रवक्ता रवींद्र पासवान और पीयूष कुमार ने कहा कि JPSC 11वीं से 13वीं और JSSC CGL परीक्षाओंको रद्द किया जाए। साथ ही इस पूरे मामले की सीबीआई जांच कराई जाए। अपनी मांग को लेकर हम आंदोलन में अब भगत सिंह और सुभाष चंद्र बोस का रास्ता अपनाएंगे। 20 अगस्त को राज्यभर से अभ्यर्थी रांची पहुंचेंगे और मुख्यमंत्री आवास का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।
छात्र नेताओं ने बताया कि 16 अगस्त को झारखंड के सभी 24 जिलों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन किया जाएगा। रांची के अल्बर्ट एक्का चौक पर भी छात्र बड़ी संख्या में जुटेंगे और विरोध प्रदर्शन करेंगे।
मंच ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भी पुतला दहन करने का ऐलान किया है। रवींद्र पासवान ने राहुल गांधी पर नाराजगी जताते हुए कहा कि उन्होंने छात्रों की मांगों का समर्थन किया था, लेकिन अब उन्हें राज्य सरकार पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर आप हमारे मुद्दे के साथ हैं तो राज्य सरकार से कांग्रेस का समर्थन वापस लें। छात्रों के साथ खड़े रहने की बात कहकर उन्हें भ्रमित न करें।’
