
पटना । मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार के पत्रकारों को बड़ा तोहफा दे दिया। नीतीश ने एक्स पर पोस्ट किया है कि मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत अब सभी पात्र पत्रकारों को हर महीने 6 हजार रुपये की जगह 15 हजार रुपये पेंशन की राशि प्रदान करने का विभाग को निर्देश दिया है। पत्रकारों को अब पेंशन में सीधे 9 हजार रुपयों की बढ़ोतरी कर दी है।
मृत पत्रकारों की पत्नी को मिलने वाली पेंशन राशि में वृद्धि : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आगे लिखा है कि साथ ही बिहार पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के अंतर्गत पेंशन प्राप्त कर रहे पत्रकारों की मृत्यु होने की स्थिति में उनके आश्रित पति/ पत्नी को जीवनपर्यन्त प्रतिमाह 3 हजार रुपये की जगह 10 हजार रुपये की पेंशन राशि दिए जाने का निर्देश दिया है।’ यानि मृत्यु की स्थिति में पत्नी को मिलने वाले पेंशन की राशि भी में 7 हजार रुपयों की बढ़ोतरी की गई है।
नीतीश ने अंत में लिखा है कि लोकतंत्र में पत्रकारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। वे लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और सामाजिक विकास में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकारों की सुविधाओं का हमलोग शुरू से ख्याल रख रहे हैं ताकि वे निष्पक्ष होकर अपनी पत्रकारिता कर सकें और सेवानिवृत्ति के उपरांत सम्मानजनक तरीके से अपना जीवन-यापन कर सकें। माना जा रहा है कि जिस तरह से तेजस्वी यादव ने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकार के सूत्र को मूत्र कह बेइज्जत किया था, उसका जवाब नीतीश ने पत्रकारों को तोहफा देकर दिया है।
