
रांची। झारखंड का पहला अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आइएसबीटी) सह कॉमर्शियल भवन जमशेदपुर में बनेगा। पीपीपी मोड पर निर्माण के लिए 153.36 करोड़ रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति राज्य सरकार ने दे दी। डिमना चौक और पारीडीह के बीच नेशनल हाइवे के किनारे आइएसबीटी सह मॉल 9.88 एकड़ भूमि पर बनेगा। यह पूर्वी भारत का सर्वश्रेष्ठ आकृति होगी। जल्द ही इसके निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी।



मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के आधारभूत संरचना के विकास की परिकल्पना और विभागीय मंत्री सुदिव्य कुमार के पहल पर आधुनिक और आकर्षक आइएसबीटी एवं कॉमर्शियल भवन बनेगा। नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने इसके क्रियान्वयन की जवाबदेही जुडको को सौंपते हुए यात्रियों की हर बुनियादी सुविधा का मुकम्मल ख्याल रखने का निर्देश दिया है। सचिव ने इसकी गुणवत्ता के साथ निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने को कहा है। कॉमर्शियल भवन में मल्टीपर्पस हाल, मनोरंजन केंद्र, स्वास्थ्य केंद्र, शौचालय, रेंटस्टोरेंट, फूड कोर्ट और लगभग 100 दुकाने रहेंगी।
आइएसबीटी सह कमर्शियल भवन की विशेषताएं
सेंट्रल कोर्टयार्ड : यह छायादार स्थान यात्रियों के बैठने और मनोरंजन के लिए होगा, जिसमें जल संरचनायें उनको सुकून देंगी। यही नहीं यहां की खूबसूरती स्थानीय कलाकृतियां और चित्रकला बढायेंगी।
षटकोणीय प्लाजा : बस टर्मिनल और कॉमर्शियल भवन के बीच का जीवंत संपर्क स्थल जिसमें त्रिकोणीय जाली प्रणाली और रंगीन शीशे से बना षटकोण जो गतिशील छाया आकृतियां बनाते नजर आयेंगी।
टर्मिनल बिल्डिंग : दो बेसमेंट प्लस ग्राउंड फ्लोर प्लस फर्स्ट फ्लोर
कामर्शियल बिल्डिंग – बेसमेंट प्लस ग्राउंड फ्लोर प्लस तीन फ्लोर के अलावा आइएसबीटी क्षेत्र ग्राउंड फ्लोर, आइडल पर्किंग में 50 बस (एक साथ ठहराव), एलाइटिंग बस वे में 23 ( प्रस्थान एवं आगमन) की सुविधा, वर्कशॉप का क्षेत्र- 763 वर्गमीटर, कारपर्किंग की क्षमता -300, दो पहिया पर्किंग की क्षमता- 350, टिकट काउंटर – 18, दुकानें 46, पहले तल पर वतानुकूलित प्रतीक्षालय – 80 यात्रियों के बैठने की सुविधा, पैसेंजर डोरमेट्री – 120 यात्री,
ड्राइवर डोरमेट्री – 60 चालक सह चालक, फूडकोर्ट – 600 वर्गमीटर में फैला हुआ, एंकर शाप – 450 वर्गमीटर, ट्रैवल एडमिन आफिस, शौचालय और प्रशासनिक आफिस स्थल शामिल है।

