
रांची। धनबाद के बरवाअड्डा थानेदार रवि कुमार से दुर्व्यवहार, गाली-गलौज, अमर्यादित आचरण के आरोपित विधायक जयराम कुमार महतो की गिरफ्तारी सहित अन्य मांगों को लेकर झारखंड पुलिस एसोसिएशन की केंद्रीय कमेटी मंगलवार को बैठक कर चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा करेगी। उनकी गिरफ्तारी व अन्य मांगों को लेकर एसोसिएशन सरकार के सक्षम प्राधिकार से भी पत्राचार करेगी। झारखंड पुलिस एसोसिएशन की नाराजगी धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार के विरुद्ध भी है। पांच दिनों के भीतर सुपरविजन पूरा नहीं होने व अब तक किसी तरह की कार्रवाई नहीं होने से एसोसिएशन नाराज है। एसोसिएशन का कहना है कि अगर आरोपितों के विरुद्ध वरीय पुलिस पदाधिकारी भी जांच में लापरवाही बरतेंगे तो एसोसिएशन इसका भी विरोध करेगी। एसोसिएशन ने 26 अगस्त को एसएसपी धनबाद प्रभात कुमार से पत्राचार कर पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी सहित अन्य कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।
इतना ही नहीं, एसोसिएशन ने 29 अगस्त की शाम एक बार फिर एसएसपी धनबाद से पत्राचार कर इस पूरे प्रकरण में की गई कार्रवाई की रिपोर्ट मांगी थी, ताकि उसके आधार पर एसोसिएशन अपनी आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर सके। सोमवार की शाम तक एसोसिएशन को धनबाद के एसएसपी से किसी तरह की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। पांच दिन व 24 घंटे की अवधि का समापन भी सोमवार की शाम को हो चुका है। अब पूरे राज्य के कनीय पुलिस अधिकारी आंदोलन पर जाने की तैयारी में हैं। झारखंड पुलिस एसोसिएशन की केंद्रीय कमेटी ने 26 अगस्त को एसएसपी धनबाद से पत्राचार कर कहा था कि पांच दिनों के भीतर विधायक जयराम कुमार महतो की गिरफ्तारी नहीं होती है तो एसोसिएशन पूरे राज्य में आंदोलन करेगी।
एसोसिएशन की केंद्रीय कमेटी के इस निर्णय को झारखंड पुलिस एसोसिएशन की सभी जिलों की शाखाओं, इकाइयों जैसे जैप, आईआरबी, एसआईआरबी, विशेष शाखा, एसटीएफ आदि की शाखाओं ने भी समर्थन किया है। सभी शाखाओं ने अपने-अपने स्तर से प्रेस कॉन्फ्रेंस व प्रेस बयान जारी कर कहा है कि सभी अपनी एसोसिएशन की केंद्रीय कमेटी के साथ हैं और केंद्रीय कमेटी के आंदोलन को एक साथ समर्थन करेंगे।
क्या है पूरा मामला : झारखंड पुलिस एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष राहुल मुर्मू के अनुसार उन्हें झारखंड पुलिस एसोसिएशन की धनबाद शाखा ने बताया था कि 21 अगस्त की रात विधायक जयराम कुमार महतो ने वॉट्सऐप कॉल पर धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार से अभद्रता की थी। विधायक ने गाली-गलौज की और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी थी कि सरकार बदलने पर उन्हें खोजकर उनकी नौकरी बर्बाद करेंगे। इतना ही नहीं, विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचकर थाना प्रभारी के टेबल पर रखे सामान को भी तितर-बितर करते हुए उनकी नाम पट्टिका को तोड़ दिया था। यह भी बताया था कि जयराम कुमार महतो इंटरनेट मीडिया आदि के माध्यम से लगातार पुलिसकर्मियों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए वीडियो जारी कर रहे थे।तथ्य से परे बयान देकर वदीर्धारियों के सम्मान व गरिमा को ठेस पहुंचा रहे थे। उनके इस आचरण से एसोसिएशन के सदस्यों को पीड़ा पहुंची थी। इस मामले में बरवाअड्डा थाने में 22 अगस्त को कांड संख्या 146/2026 में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।

