
रांची। झारखंड पुलिस एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बुधवार को लगातार दूसरे दिन संवाददाता सम्मेलन कर डुमरी से झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के विधायक जयराम कुमार महतो की अगले पांच दिनों के भीतर गिरफ्तारी की मांग की है। सभी प्रक्रिया पूर्ण कर अविलंब गिरफ्तारी नहीं होने पर एसोसिएशन ने पूरे राज्य में आंदोलन की चेतावनी दी है।
विधायक की अविलंब गिरफ्तारी को लेकर एसोसिएशन ने धनबाद के एसएसपी से पत्राचार किया है। एसोसिएशन के केंद्रीय अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू ने अपने पत्र में बताया है कि झारखंड पुलिस एसोसिएशन की धनबाद शाखा ने केंद्रीय समिति को बताया कि 21 अगस्त की रात विधायक जयराम कुमार महतो ने वाट्सएप काल पर धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी रवि कुमार से अभद्रता की।
गाली-गलौज की और अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए धमकी दी कि सरकार बदलने पर उन्हें खोजकर उनकी नौकरी बर्बाद करेंगे। इतना ही नहीं, विधायक अपने समर्थकों के साथ बरवाअड्डा थाना पहुंचकर थाना प्रभारी के टेबल पर रखे सामान को भी तितर-बितर करते हुए उनकी नाम पट्टिका को तोड़ दिया।
इस मामले में बरवाअड्डा थाने में 22 अगस्त को कांड संख्या 146/26 के तहत विधायक जयराम महतो व दस अन्य नामजद तथा 40-50 अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस घटना के बाद धनबाद सहित पूरे राज्य में पुलिस पदाधिकारी-पुलिसकर्मी आक्रोशित हैं। झारखंड पुलिस एसोसिएशन की धनबाद शाखा ने उक्त घटना को विरोध में काला बिल्ला लगाकर विरोध जताया है और महासंघ से मांग किए हैं कि वे अनिश्चितकालीन अपने कर्तव्य पर नहीं लौटने पर सहमति दें।
एसोसिएशन के अध्यक्ष राहुल मुर्मू ने यह भी बताया है कि विधायक जयराम कुमार महतो इंटरनेट मीडिया, प्रेस आदि के माध्यम से हर पल पुलिसकर्मियों के प्रति अमर्यादित भाषा का प्रयोग करते हुए वीडियो जारी कर रहे हैं। तथ्य से परे बयान देकर वदीर्धारियों के सम्मान व गरिमा को ठेस पहुंचाया जा रहा है। संवैधानिक पद पर बैठे व संविधान के मंदिर में बैठने वाले का यह आचरण एसोसिएशन के सदस्यों को पीड़ा पहुंचा रही है। विधायक ने जिस तरह से बरवाअड्डा थानेदार को धमकाया है, उससे यह प्रबंल आशंका है कि वे तथा उनके समर्थक बरवाअड्डा थानेदार व अन्य पदस्थापित पुलिसकर्मियों की जान-माल को भी नुकसान पहुंचा सकते हैं।
प्रेस कांफ्रेंस के मौके पर अध्यक्ष राहुल कुमार मुर्मू के अलावा उपाध्यक्ष महताब आलम व रोहित कुमार रजक, संगठन सचिव मंटू कुमार, संयुक्त सचिव संतोष कुमार महतो व राकेश कमार पांडेय मौजूद थे।

