
रांची। झारखंड क्षत्रिय महासंघ ने जमशेदपुर में हिमांशु सिंह की हत्या और प्रत्युष कुमार पर हुए चाकू से जानलेवा हमले की घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की है। महासंघ ने इस घटना पर दुख जताते हुए राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन से त्वरित कार्रवाई की मांग की है। महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि सरकार और प्रशासन यदि दोषियों के विरुद्ध ठोस त्वरित कार्रवाई नहीं करती है तो महासंघ की ओर से राजपूत समाज उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन और सरकार की होगी।
उन्होंने कहा कि इस हत्याकांड की जितनी भी निंदा की जाए, वह कम है। लोकतंत्र में इस प्रकार की हिंसक घटनाओं का कोई स्थान नहीं है। ऐसी घटनाएं समाज में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करती हैं। राजपूत समाज में असुरक्षा का भाव महसूस किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन समय रहते सक्रियता दिखाता तो स्थिति को नियंत्रित किया जा सकता था। इस घटना ने कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं। महासंघ ने कहा कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
जितेंद्र सिंह ने सरकार और प्रशासन से पीड़ित परिवार को न्याय और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि समाज में इस तरह की घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए प्रशासन को विशेष सतर्कता बरतनी होगी।
