
रांची। झारखंड कैडर के 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी सुरेंद्र कुमार झा केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं। वे सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) में डीआईजी होंगे। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने उनकी प्रतिनियुक्ति संबंधित जानकारी से झारखंड सरकार को अवगत कराया है। इसके लिए मुख्य सचिव को भेजे गए पत्र में केंद्रीय गृह मंत्रालय ने लिखा है कि सुरेंद्र कुमार झा को शीघ्र केंद्र के लिए विमुक्त करें।
आईपीएस सुरेंद्र कुमार झा वर्तमान में झारखंड पुलिस मुख्यालय में डीआईजी कार्मिक के पद पर सेवा दे रहे हैं। जिलों में प्रतिनियुक्ति के दौरान उन्हें वीरतापूर्ण कार्य के लिए पुलिस वीरता पदक भी मिल चुका है। रांची में ग्रामीण एसपी से लेकर रांची के एसएसपी तक रह चुके सुरेंद्र कुमार झा ने कई मोर्चों पर भी अपने साहस का परिचय दिया।
सांप्रदायिक तनाव को नियंत्रित करने में उन्होंने महती भूमिका निभाई। धनबाद, गिरिडीह, कोडरमा व चतरा में भी वहां के पुलिस अधीक्षक के रूप में उन्होंने बेहतर सेवा दी है।
