
रांची। केंद्र सरकार के गृह मंत्रालय ने सिविल सेवा परीक्षा (सीएसई) 2024 के आधार पर भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चयनित अधिकारियों के कैडर आवंटन की अधिसूचना जारी कर दी है। एक जून को जारी इस अधिसूचना के तहत देशभर के 147 सफल अभ्यर्थियों को उनकी रैंक, श्रेणी और कैडर प्राथमिकता के आधार पर विभिन्न राज्यों में नियुक्ति दी गई है। इस सूची में झारखंड को छह नए आईपीएस अधिकारी मिले हैं, जिससे राज्य की पुलिस व्यवस्था और कानून-व्यवस्था को और मजबूती मिलने की उम्मीद है।
गृह मंत्रालय की ओर से जारी सूची के अनुसार झारखंड कैडर पाने वाले छह अधिकारियों में दो अभ्यर्थी झारखंड के ही मूल निवासी हैं, जबकि चार अधिकारी अन्य राज्यों से आकर यहां अपनी सेवाएं देंगे। झारखंड कैडर आवंटित अधिकारियों में करन कुमार (रैंक 174) और सौरभ राजेंदु (रैंक 199) झारखंड के निवासी हैं। इनके अलावा दिल्ली के काबिल भार्गव (रैंक 122) और पुलकित बंसल (रैंक 155), उत्तर प्रदेश की मानसी सिंह (रैंक 168) तथा राजस्थान के कर्मवीर नरवाडिया (रैंक 795, अनुसूचित जाति श्रेणी) को झारखंड कैडर मिला है। इन अधिकारियों के आने से राज्य पुलिस को युवा और प्रशिक्षित नेतृत्व मिलेगा, जो भविष्य में विभिन्न जिलों और पुलिस इकाइयों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालेंगे।
झारखंड के राज महतो को केरल कैडर आवंटित : कैडर आवंटन सूची में झारखंड के एक और सफल अभ्यर्थी राज कुमार महतो का नाम भी शामिल है। हालांकि कैडर नीति के तहत उन्हें झारखंड के बजाय केरल कैडर आवंटित किया गया है। अब वे केरल में आईपीएस अधिकारी के रूप में अपनी सेवाएं देंगे।
147 अधिकारियों का कैडर आवंटन : गृह मंत्रालय की अधिसूचना के अनुसार इस बार कुल 147 आईपीएस अधिकारियों को विभिन्न राज्यों और संयुक्त कैडरों में आवंटित किया गया है। अधिकारियों का चयन उनकी रैंक, आरक्षण श्रेणी और कैडर पसंद के आधार पर किया गया है।
उत्तर प्रदेश को मिले सबसे ज्यादा आईपीएस : राज्यों के अनुसार देखें तो सबसे अधिक 17 नए आईपीएस अधिकारियों का आवंटन उत्तर प्रदेश को हुआ है। इसके बाद पश्चिम बंगाल को 12, असम-मेघालय को 9, आंध्र प्रदेश को 9 और मध्य प्रदेश को 9 नए अधिकारी मिले हैं। अन्य राज्यों में महाराष्ट्र को 8, तमिलनाडु को 7, बिहार को 7, झारखंड को 6, राजस्थान को 6, कर्नाटक को 5, पंजाब को 4, केरल को 4 और नागालैंड को 3 नए आईपीएस अधिकारी मिले हैं।
टॉप रैंकर्स को भी मिला पसंदीदा कैडर : अधिसूचना में शामिल शीर्ष रैंक वाले अधिकारियों में बी. शिवाचंद्रन (रैंक 23) को उनका गृह राज्य तमिलनाडु कैडर आवंटित किया गया है। वहीं वैभव सिंह (रैंक 82) को उत्तर प्रदेश कैडर मिला है।

