रांची। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बुधवार को कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में फेडरेशन आॅफ झारखंड चैंबर आॅफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज (एफजेसीसीआई) के प्रतिनिधिमंडल ने शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान राज्य में उद्योग, व्यापार, निवेश और औद्योगिक विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक एवं रचनात्मक चर्चा हुई।

बैठक के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को राज्य के औद्योगिक और व्यावसायिक माहौल से अवगत कराते हुए निवेश को प्रोत्साहन देने, व्यापारिक गतिविधियों को मजबूत करने तथा उद्यमियों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार साझा किए।

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि फेडरेशन आॅफ झारखंड चैंबर आॅफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से जल्द ही एक राज्यस्तरीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा, जिसमें राज्य के विभिन्न जिलों से उद्योगपति, व्यापारी, उद्यमी तथा व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि भाग लेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुना और उद्योग एवं व्यापार के क्षेत्र में राज्य के समग्र विकास के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।

प्रतिनिधिमंडल में फेडरेशन आॅफ झारखंड चेम्बर आॅफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा, उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया और राम बांगड़, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव नवजोत अलंग और रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अमरजीत सिंह सलूजा, उदयशंकर और रमेश कुमार चिनी, विनय अग्रवाल, पलामू चेम्बर आॅफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष आनंद शंकर, कार्यकारिणी सदस्य फिराजुद्दीन तथा गुमला चेंबर के सदस्य अमर प्रदीप सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version