रांची। मुंबई हमले के आरोपित आतंकी तहव्वुर राणा को अमेरिका से प्रत्यर्पण कर भारत लाने में एनआइए के दो अधिकारियों आशीष बत्रा और जया राय की भूमिका महत्वपूर्ण रही। झारखंड कैडर के ये दोनों आइपीएस अधिकारी अभी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर एनआइए में तैनात हैं। तहव्वुर राणा को लाने के लिए एनआईए की टीम पांच दिन पहले ही अमेरिका पहुंच गई थी। इन दोनों अधिकारियों ने ही इस मिशन का नेतृत्व किया, जबकि निगरानी राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल कर रहे थे।
आइपीएस आशीष बत्रा झारखंड कैडर के 1997 बैच के अधिकारी हैं, उन्हें राज्य के तेज तर्रार अफसरों में माना जाता है। वर्ष 2019 से वह एनआइए में हैं। झारखंड के नक्सल विरोधी अभियान में उन्होंने बड़ी भूमिका निभाई थी। वह जनवरी 2018 में झारखंड जगुआर के आइजी बने थे।

बत्रा ने इस फोर्स को लीड करते हुए नक्सलियों के खिलाफ कई बड़े अभियान चलाए थे। वहीं जया राय झारखंड कैडर की 2011 बैच की पुलिस अधिकारी हैं और अभी एनआइए में डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल के पद पर तैनात हैं। राय भी वर्ष 2019 से एनआइए में काम कर रही हैं।
जामताड़ा में एसपी रहते हुए जया ने अभियान चलाकर साइबर अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की थी। दोनों अधिकारी पूर्व में झारखंड के रांची समेत कई शहरों में एसपी रह चुके हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version