
पटना। शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए विधान परिषद के चुनाव को ले जदयू ने अपने प्रत्याशी तय कर लिए हैं। एक-दो दिनों के भीतर इसकी आधिकारिक घोषणा भी हो जाएगी। चुनाव नवंबर में है। जदयू को चार सीटों पर अपने प्रत्याशी देने हैं। पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू पुन: नीरज कुमार को अपना प्रत्याशी बनाएगा। नीरज कुमार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से तीन बार चुनाव जीत चुके हैं।
उन्होंने इस बार के चुनाव के लिए जनसंपर्क अभियान तेज किया हुआ है। उनके लिए हाल ही में जदयू प्रदेश कार्यालय में उनसे जुड़े जिलों के विधायकों की बैठक भी हो चुकी है। तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से अभिषेक झा की उम्मीदवारी को जदयू की सहमति है। अभिषेक काफी दिनाें से इस क्षेत्र में सक्रिय हैं।
दरअसल, यह सीट जदयू के देवेश चंद्र ठाकुर की रही है। देवेश चंद्र ठाकुर के सांसद बन जाने के बाद दिसंबर 2024 में तिरहुत स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए उप चुनाव हुआ था। उक्त उप चुनाव में भी जदयू ने अभिषेक झा को ही अपना प्रत्याशी बनाया था पर वह चुनाव हार गए थे। जीत निर्दलीय उम्मीदवार वंशीधर ब्रजवासी को मिली थी। जदयू की तीसरी सीट सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र की है। पिछले बार के उप चुनाव में सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी आफाक अहमद की जीत हुई थी। वैसे उन्हें जन सुराज का समर्थन था। जदयू ने प्रत्यक्ष रूप से इस सीट पर अपना उम्मीदवार नहीं दिया था।
इस सीट से विधान पार्षद रहे दिवंगत केदार पांडेय के पुत्र आनंद पुष्कर महागठबंधन प्रत्याशी के रूप में मैदान में थे। चुनाव हारने के कुछ दिनों बाद आनंद पुष्कर जदयू में शामिल हो गए थे। इस बाद जदयू अपने प्रत्याशी के रूप में आनंद पुष्कर को सारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से मैदान में उतारेगा।
जदयू को जिस चौथी महत्वपूर्ण सीट पर अपना उम्मीदवार देना है वह है दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र। इस क्षेत्र से विधान पार्षद रहे दिलीप चौधरी का नाम चर्चा में है। यह कहा जा रहा कि दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव जीतते रहे दिलीप चौधरी इस बार दरभंगा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ेंगे।
