रांची। पदम मुनि जी महाराज ने रविवार को जैन इंटरनेशनल ट्रेड आॅर्गनाइजेशन (जीतो) के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा, रोजगार एवं सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब समय है विश्व कल्याण के लिए विशेष एवं संगठित प्रयास करने का।

गुरुदेव के सान्निध्य में विश्व नवकार मंत्र दिवस के आयोजन का संदेश दिया । आचार्य ने अपनी विनम्रता का परिचय देते हुए कहा कि मैंने केवल एक बिंदु दिया है, मेरा नाम कहीं भी प्रमुखता से न आए, जो उनके त्याग और साधुता का अनुपम उदाहरण है। पिछले दो वर्षों से 9 अप्रैल को विश्व नवकार मंत्र दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। प्रथम आयोजन विज्ञान भवन में हुआ, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की उपस्थिति रही, जबकि इस वर्ष गृह मंत्री अमित शाह की सहभागिता के साथ इसे देशभर में भव्य रूप से मनाया गया। इस अवसर पर प्राकृतिक व्याकरण पुस्तक का विमोचन भी किया गया, जिसमें मानव जीवन, विश्व शांति एवं समग्र कल्याण के सिद्धांतों को सरल भाषा में प्रस्तुत किया गया है।

पदम मुनि जी महाराज ने कहा कि विश्व नवकार मंत्र दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सम्पूर्ण मानवता के कल्याण का वैश्विक अभियान है। उन्होंने श्रद्धालुओं से नवकार मंत्र को अपने जीवन में अपनाकर आत्मशुद्धि, सद्भाव और विश्व शांति की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

प्रवचन में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, पूरा प्रांगण भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर हो उठा। सैकड़ों की संख्या में उपस्थित जनसमूह ने भावपूर्वक प्रवचन श्रवण कर गुरुजनों का आशीर्वाद प्राप्त किया।

समता युवा संघ के अध्यक्ष राकेश जैन, अशोक जी सुराणा, विमल जी दस्सानी, घेवरचंद जी नाहटा, अमरचंद जी बेगानी ने उपस्थिति दर्ज कर कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। मानव कल्याण एवं विश्व शांति की दिशा में यह एक सशक्त आध्यात्मिक पहल थी , जिसमें जिसमें भारी संख्या में महिलाओं एवं पुरुषों की सहभागिता हुई ।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version