तेहरान। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई अपना घर छोड़कर बंकर में रह रहे हैं। इजरायल के लगातार हो रहे हवाई हमलों को देखते हुए ईरानी सेना खामेनेई को पूर्वोत्तर तेहरान के एक भूमिगत बंकर में ले गई है। खामेनेई के साथ उनके परिवार को भी इसी बंकर में रखा गया है। इजरायल की ओर से शुक्रवार से ईरान के प्रमुख शहरों में हमले किए जा रहे हैं। हमलों में खासतौर से ईरान के सैन्य और राजनीतिक नेतृत्व को निशाना बनाया गया है। ईरान को डर है कि खामेनेई पर भी इजरायल हमला कर सकता है। ऐसे में सुप्रीम लीडर की सुरक्षा के लिए देश की सेना और सुरक्षा एंजेसियों ने उनको बंकर में शिफ्ट किया है।

ईरान इंटरनेशनल की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई और उनका परिवार तेहरान के पास एक ऐसे अंडरग्राउंड बंकर में है, जिस पर बम और मिसाइल हमले का असर ना हो। रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि खामेनेई के बेटे मुज्तबा और परिवार के दूसरे सदस्य भी बंकर में हैं। इस बंकर के आसपास सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

इजरायल ने ईरानी सेना के चीफ और आइआरजीसी कमांडर को मार डाला है। ईरान के कम से कम 9 परमाणु वैज्ञानिकों की इजरायली हमलों में मौत हो चुकी है। इजरायल की ओर से धमकी दी गई है कि अली खामेनेई भी सुरक्षित नहीं हैं। इससे ईरान में खामेनेई की सुरक्षा को लेकर चिंता है। ईरान में राजनीतिक और सैन्य व्यवस्था सुप्रीम लीडर के इर्द गिर्द घूमती है।

इजरायल और ईरान में शुक्रवार से लड़ाई चल रही है। ये लड़ाई लगातार तेज हो रही है और सोमवार को चौथे दिन में प्रवेश कर गई है। इजरायल ने ईरान में अपने हमलों का उद्देश्य ईरान के परमाणु और बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रमों को नष्ट करना बताया है। राजधानी तेहरान और कई प्रमुख शहरों पर हमले के बाद ईरान भड़का हुआ है। ईरान ने इजरायल के हमलों का जवाब मिसाइल हमले करते हुए दिया है।


दुनिया की बढ़ रही है चिंता : ईरान और इजरायल के बीच तेज होती लड़ाई ने दुनिया, खासतौर से पश्चिम एशिया के देशों की चिंता बढ़ी है। दोनों देशों के बीच लंबे समय से चले आ रहे संघर्ष ने क्षेत्रीय स्थिरता को खतरे में डाल दिया है। रक्षा एक्सपर्ट और पश्चिम एशिया के जानकार मान रहे हैं कि यह संघर्ष बड़े क्षेत्रीय युद्ध में बदल सकता है, जिसका असर आसपास के कई देशों पर पड़ेगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version