देवघर/रांची। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शनिवार को देवघर के दो दिवसीय प्रवास के दूसरे दिन शनिवार को नवनिर्मित जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन किया। साथ ही उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग से गुमला जिला भाजपा कार्यालय का भी शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यकर्ता सम्मलेन को संबोधित किया और तुष्टिकरण, करप्शन और परिवारवाद की राजनीति को लेकर इंडी गठबंधन पर प्रहार किया। उन्होंने कहा कि भाजपा अकेली ऐसी पार्टी है, जो अपनी विचारधारा पर अडिग रही है। नड्डा ने भारत रत्न डॉ भीमराव आंबेडकर के महापरिनिर्वाण दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने भारत की आजादी के बाद राजनीति, आर्थिक शास्त्र और सामाजिक न्याय को एक नए रूप में देश के सामने प्रस्तुत किया और उसे संविधान में संजोने का प्रयास किया। उन्होंने न केवल संविधान ड्राफ्टिंग कमेटी के चेयरमैन के रूप में संविधान को लिखने में योगदान दिया, बल्कि सामाजिक न्याय और राजनीतिक जटिल समस्याओं के समाधान को भी संविधान में शामिल करने का कार्य किया।

नड्डा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा बाबा साहब का तिरस्कार किया और उन्हें समाज और देश की ओर से मिलने योग्य स्थान देने में भी कोताही बरती। बाबा साहब ने समता और ममता को जोड़कर समाज में समरसता स्थापित करने का कार्य किया। नरेंद्र मोदी जब देश के प्रधानमंत्री बने तो उनकी जयंती के अवसर को सरकारी अवकाश घोषित कर डॉ भीमराव अंबेडकर का सम्मान बढ़ाया। 1956 में डॉ अंबेडकर ने अंतिम सांस ली थी, लेकिन उन्हें भारत रत्न से 36 साल बाद नवाजा गया, यह तब संभव हुआ जब भाजपा समर्थित सरकार केंद्र में आई।

भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि उन्हें यह जानकर पीड़ा हुई है कि क्षेत्र में जमाई टोला बनते जा रहे हैं और बांग्लादेश घुसपैठिए आदिवासी युवतियों से विवाह करके जमीनें हड़पने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंकने कहा कि राज्य सरकार कमीशन ले रही है और जब वास्तविक भुगतान की बारी आती है तो काम पूरी तरह ठप हो जाते हैं। इससे पूरे राज्य में विकास कार्य रुके हुए हैं। ऐसी सरकार को रोका जाना जरूरी है और इसके लिए झारखंड में भी कमल खिलाना होगा, जिसके लिए कार्यकर्ताओं को पूरी ताकत से काम करना पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि यह स्थिति अत्यंत गंभीर है कि मुख्यमंत्री के निजी सचिव पर्सनल सेक्रेटरी और प्रिंसिपल सेक्रेटरी जैसे वरिष्ठ अधिकारी शराब घोटाले में जेल में बंद हैं, जिससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि प्रशासन किस तरह से चल रहा है। यह एक सिंडिकेट है, जो कमीशन के आधार पर काम करता है और सरकारी खजान को लूटकर अपने घरों में भर रहा है। ऐसे लोगों को जितना जल्दी सत्ता से बाहर किया जाए, उतना बेहतर होगा। उन्होंनने कहा कि भाजपा लगातार पूरे देश में चुनाव जीत रही है और आगे बढ़ रही है, झारखंड अब एकमात्र बड़ा राज्य रह गया है और आने वाले समय में झारखंड में भी कमल खिलाना है और उन्हें विश्वास है कि यहां के कार्यकर्ता यह जिम्मेटारी निभाएंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version