
धनबाद। वासेपुर में एक बार फिर गैंगवार भड़क उठा है। सोमवार को दिनदहाड़े करीब 11 बजे दो बाइक सवार अपराधियों ने गैंगस्टर फहीम खान के भाई को निशाना बनाकर अंधाधुंध फायरिंग की। इस फायरिंग में शानू खान के साथ दो और लोग भी चपेट में आ गए। घटना सोमवार सुबह करीब 11 बजे की है। शानू खान भूली मोड़ के समीप कुछ लोगों से बातचीत कर रहा था। इसी दौरान लाल रंग की बाइक पर सवार दो अपराधी वहां पहुंचे और अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोली चलाने के बाद दोनों अपराधी भाग निकले।
फायरिंग में शानू खान की बांह में एक गोली लगी है। भूली मोड़ स्थित चतरा स्टोर के संचालक सद्दाम को दो गोलियां लगी हैं। एक महिला भी गोली लगने से घायल हुई है। तीनों को तत्काल नामधारी अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें अशर्फी अस्पताल रेफर कर दिया।
प्रिंस खान गिरोह पर शक: शानू खान पर करीब एक वर्ष पहले भी अलीनगर के समीप गोली चली थी। उस घटना में वह बाल-बाल बच गए थे। अब दोबारा उन पर हमला हुआ है। बताया जाता है कि शानू खान को प्रिंस खान की ओर से पूर्व में कई बार जान से मारने की धमकी मिल चुकी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा रहा है। गोलीबारी की इस घटना के बाद प्रिंस खान के गिरोह की गतिविधियों को लेकर पुलिस जांच तेज हो गई है।
