
नई दिल्ली। अमेरिका की ओर से भारतीय सामानों पर संभावित टैरिफ बढ़ाने की चेतावनी के बीच भारत ने स्पष्ट किया है कि देश के किसी भी विनिर्माण क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता (स्ट्रक्चरल ओवरकैपेसिटी) नहीं है। भारत ने यह भी कहा कि अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) को लेकर बातचीत जारी है और व्यापार से जुड़ी सभी चिंताओं का समाधान वार्ता के माध्यम से किया जाना चाहिए।



वाणिज्य मंत्रालय ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि भारत सरकार ने अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) की ओर से जारी निर्णय सूचना और टिप्पणियों के अनुरोध पर संज्ञान लिया है। यह कार्रवाई अमेरिकी व्यापार कानून के सेक्शन 301 के तहत की जा रही जांच का हिस्सा है, जिसमें भारत समेत 14 अर्थव्यवस्थाओं की विनिर्माण नीतियों और व्यापारिक गतिविधियों की समीक्षा की जा रही है।
मंत्रालय के अनुसार, भारत ने जांच की पूरी प्रक्रिया में सकारात्मक सहयोग किया है। जांच शुरू होने के बाद अमेरिकी पक्ष को स्पष्ट रूप से बताया गया था कि भारत के किसी भी क्षेत्र में संरचनात्मक अतिरिक्त उत्पादन क्षमता मौजूद नहीं है। भारत का लगातार यही रुख रहा है कि व्यापार से संबंधित मुद्दों का समाधान दोनों देशों के बीच चल रही बातचीत के जरिए किया जाना चाहिए।
सरकार ने दोहराया कि वह 2 फरवरी 2026 की घोषणा और 7 फरवरी 2026 को जारी संयुक्त बयान के अनुरूप भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के लिए प्रतिबद्ध है।
दरअसल, अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जेमिसन ग्रीर की ओर से घोषित जांच के निष्कर्षों में भारत सहित 14 देशों को शामिल किया गया है। अमेरिकी एजेंसी का आरोप है कि इन देशों की विनिर्माण नीतियों से अमेरिकी व्यापार को नुकसान पहुंचा है या उस पर अनुचित दबाव पड़ा है।
यूएसटीआर ने भारतीय सामानों पर 25 प्रतिशत तक अतिरिक्त टैरिफ लगाने का प्रस्ताव दिया है। हालांकि, यदि भारत अमेरिकी चिंताओं को दूर करने वाला व्यापार समझौता करने में सफल रहता है, तो प्रस्तावित शुल्क की दर घटकर 17 प्रतिशत तक हो सकती है। इस प्रस्ताव में पहले से लागू सेक्शन 301 शुल्कों को भी समायोजित करने और कुछ उत्पादों को छूट देने का प्रावधान है।
इसके अलावा, अमेरिका ने राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सेक्शन 232 के तहत लगाए जाने वाले शुल्कों में भी बदलाव की संभावना जताई है। गौरतलब है कि सेक्शन 301 अमेरिकी सरकार को उन विदेशी व्यापार नीतियों के खिलाफ कार्रवाई करने का अधिकार देता है, जिन्हें वह अपने व्यापारिक हितों के लिए अनुचित मानती है।
फिलहाल भारत सरकार अमेरिकी नोटिस की समीक्षा कर रही है और दोनों देशों के बीच व्यापार समझौते को लेकर बातचीत जारी है।

