
नई दिल्ली। दुनियाभर में चल रहे ट्रेडवार के बीच भारत के लिए मंगलवार को एक अच्छी खबर सामने आई है। भारत और यूके ने अपना बहुप्रतीक्षित मुक्त व्यापार समझौता पूरा कर लिया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने समकक्ष कीर स्टारमर को बधाई देते हुए इसका ऐलान किया। दुनिया की पांचवी और छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के बीच लंबे समय से मुक्त व्यापार समझौते को लेकर बातचीत चल रही थी। दोनों देशों के बीच हुए समझौते पर पीएम नरेंद्र मोदी ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर बात बन गई है। सामाजिक सुरक्षा को लेकर भी एक समझौता हुआ है। उन्होंने कहा कि इन समझौतों से साझेदारी और निवेश बढ़ेगा, साथ ही रोजगार सृजन को बढ़ावा मिलेगा। प्रधानमंत्री मोदी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टारमर ने इसे द्विपक्षीय व्यापक रणनीतिक साझेदारी में एक ऐतिहासिक मील का पत्थर बताया। दोनों नेताओं ने आज टेलीफोन पर बातचीत की और इस समझौते पर बनी सहमति को लेकर खुशी जताई। कीर स्टारमर ने पीएम मोदी से बातचीत करते हुए कहा,”ब्रिटेन द्वारा यूरोपीय संघ छोड़ने के बाद किया गया यह सबसे बड़ा सौदा है। वहीं, कीर स्टारमर ने पहलगाम हमले पर भी चिंता जाहिर की। उन्होंने पहलगाम हमले पर अपनी संवेदना प्रकट की। वहीं, पीएम मोदी ने कीर स्टारमर को भारत आने का निमंत्रण दिया है, जिसे प्रधानमंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया। उन्होंने कहा कि वे जल्द से जल्द भारत आने के लिए उत्सुक हैं। शुरूआती जानकारी के मुताबिक, इस समझौते के तहत भारत यूके के 90% आयातों पर टैरिफ में कटौती करेगा, जिनमें से 85% आयात एक दशक के भीतर पूरी तरह से टैरिफ-मुक्त हो जाएंगे। भारत यूके से आयातित व्हिस्की और जिन पर टैरिफ को आधा करके 75% कर देगा, ऑटो पर टैरिफ को घटाकर 10% कर देगा। बता दें, यूके भारत का प्रमुख व्यापारिक साझेदार है। दोनों देशों के बीच वस्तुओं और सेवाओं का द्विपक्षीय व्यापार वर्तमान में 50 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक है। व्यापार समझौते के साथ आने वाले वर्षों में इसके कई गुना बढ़ने की उम्मीद है।
