
बक्सर। आईएनडीआईए केवल लोकसभा चुनाव के लिए था। राज्यों के विधानसभा चुनाव में इसकी कोई भूमिका नहीं है। ये बातें बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने जिला मुख्यालय स्थित परिसदन में पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहीं। पत्रकारों ने जब उनसे दिल्ली के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के अलग-अलग चुनाव लड़ने और आईएनडीआईए के भविष्य पर सवाल पूछा, तो उन्होंने ये बातें कहीं।
उन्होंने इसके साथ यह भी जोड़ा कि बिहार में राजद और कांग्रेस शुरू से साथ रही है। मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि वे कब किसका पैर छू दें, कुछ नहीं कहा जा सकता है। वह सदन में कुछ नहीं बोलते। पत्रकार से बात नहीं करते। तेजस्वी ने फिर दोहराया कि अब उनके साथ जाने का कोई सवाल ही नहीं है। जनता दल यूनाइटेड अब भाजपा बन गया है। जदयू में दो-चार लोग हैं, जो भाजपा से लिंक करते हुए पार्टी को चला रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार में डबल इंजन की सरकार है, लेकिन राज्य को विशेष दर्जा के सवाल पर कोई प्रगति नहीं हो रही है। बिहार में किसान, मजदूर या नौजवान किसी के लिए काम नहीं हो रहा है। बिहार लगातार पीछे जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कई बार विशेष राज्य की बात है। बिहार में उनकी सरकार है। केंद्र की सरकार का भी वह हिस्सा हैं। उन्हें बताना चाहिए कि अब नहीं तो कब बिहार को विशेष राज्य का दर्जा मिलेगा।
