
नई दिल्ली। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को भारत समेत दुनिया भर में जगह-जगह आयोजित योगाभ्यास के विशेष सत्रों में लाखों की संख्या में लोगों ने मनोयोग और उत्साह से भाग लिया। भारत में सियाचिन की बफीर्ली पहाड़ियों से लेकर, कन्याकुमारी में समुद्र तट तक और राजस्थान के रेगिस्तानी इलाकों से लेकर पूर्वोत्तर क्षेत्र तक लोगों ने सुबह-सुबह 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर विशेष कार्यक्रमों में भाग लिया।
विदेशों में भारतीय दूतावासों और राजनयिक मिशनों ने योग दिवस पर विशेष सत्र आयोजित किए। आस्ट्रेलिया, जापान, मलेशिया और विभिन्न देशों में योगप्रेमियों ने भी जगह-जगह योगाभ्यास सत्रों का आयोजन किया। इस बार मुख्य समारोह आंध प्रदेश के बंदरगाह शहर विशाखापत्तनम में आयोजित किया गया जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अगुवाई में हजारों लोगों ने योगासन किये। प्रधानमंत्री के साथ इस कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के राज्यपाल सय्यद अब्दुल मजीद ,आन्ध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चन्द्रबाबू नायडू और उप-मुख्यमंत्री पवन कल्याण, केन्द्रीय मंत्री के राम मोहन राव नायडू, प्रताप राव जाधव, चन्द्र शेखर, भूपति राजू श्री निवास वर्मा कई अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने योग, ध्यान एवं प्राणायाम किए।
मोदी ने इस अवसर पर योग को विश्व में शांति, समरसता और स्वास्थ्य का आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि भारत विश्व भर में योग के प्रचार-प्रसार के लिए इसमें निहित विज्ञान को आधुनिक अनुसंधान के माध्यम से आगे बढ़ा रहा है। उन्होंने कहा कि योग को आधुनिक चिकित्सा पद्धति में स्थान दिलाने का प्रयास चल रहा है।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने उत्तराखंड के देहरादून स्थित पुलिस लाइन में योग कार्यक्रम में भाग लिया योग के प्रयोग से समस्त मानवता के लिए स्वस्थ और प्रसन्नता की कामना की। उन्होंने कहा कि योग पूरी मानवता के लिए सांझी धरोहर बन चुका है। राष्ट्रपति ने कहा कि इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर ग्यारहवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम ह्यएक धरती, एक स्वास्थ्य के लिए योगह्ण रखी गयी है।
भारतीय सेना के जवानों ने कई स्थानों पर सियाचिन में योगसत्र आयोजित किए। जम्मू-कश्मीर में गुलमर्ग गॉल्फ कोर्स सहित विभिन्न स्थानों मर योग सत्र आयोजित किए गए।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में योग दिवस समारोह में भाग लिया। उन्होंने 2500 कर्मियों के साथ योगाभ्यास समारोह में भाग लिया। उन्होंने यहां सेना के जवानों से मुलाकात की और आॅपरेशन सिन्दूर में उनके प्रयासों की सराहना की।
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने संसद परिसर में योग सत्र में भाग लिया।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा राजधानी में कर्तव्य पथ पर भी सामूहिक योग कार्यक्रम में भी शामिल हुए। उन्होंने कहा, ह्लहमको अपने जीवन में योग अपनाना होगा। स्वास्थ्य मंत्रालय भी इसको बढ़ावा दे रहा है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भी आयुष विभाग को शामिल किया है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारामण ने फरीदाबाद में अरुण जेटली नेशनल इंस्टिट्यूट आॅफ फाइनेंशियल मैनेजमेंट के प्रांगण में आयोजित योग-सत्र का नेतृत्व किया।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर यमुना तट पर सोनिया विहार में योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। उन्होंने ह्यएक्सह्ण पर कहा, ह्ल दिल्लीवासियों का हृदय से धन्यवाद। आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राजधानी के 11 स्थलों पर आयोजित भव्य योग उत्सव में आपकी उत्साहपूर्ण सहभागिता ने यह सिद्ध किया कि जब सरकार और समाज एक साथ चलते हैं, तो संस्कृति जन-जन का संकल्प बन जाती है।
केंद्रीय आयुष मंत्रालय के सहयोग से संस्कृति मंत्रालय के तहत भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने देश भर में ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व के 81 संरक्षित स्मारकों के परिसरों में योग कार्यक्रम आयोजित किये थे और इस अवसर पर वहां आम जन का प्रवेश नि:शुल्क रखा गया था।
केंद्रीय मंत्री अमित शाह अहमदाबाद के अडालज वाव में आयोजित योग-सत्र में भाग लिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा, ह्लमन, शरीर और मस्तिष्क में एकात्मता लाने वाला योग आज विश्वभर में लोगों की दिनचर्चा का अंग बन चुका है।
केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल मुंबई में संजय गांधी नेशनल पार्क स्थित कन्हेरी के गुफा स्थल पर अपने निर्वाचन क्षेत्र में कई योग कार्यक्रमों में भाग लिया। श्री प्रल्हाद जोशी पट्टाडकल के यूनेस्को संरक्षित मंदिर संकुल परिसर में स्थानीय लोगों के साथ योग सत्र में भाग लिया। वह हुबली जिमखाना ग्राउंड पर आयोजित योग कार्यक्रम में भी शामिल हुए।
योग दिवस पर पूरे देश के साथ समन्व्य करते हुए सशस्त्र सेनाओं, अर्द्धसैनिक बलों और राष्ट्रीय कैडेट कोर के नौ लाख कैडेटों ने शनिवार को देश भर में अलग-अलग स्थानों पर योगाभ्यास किया। तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने भी हजारों की संख्या में सैनिकों के साथ योगाभ्यास के सामूहिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
विशाखापत्तनम में प्रधानमंत्री के साथ योगासन कार्यक्रम में नौसेना के दस हजार नौसैनिकों ने भाग लिया। स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत तथा अन्य युद्धपोतों पर भी योगाभ्यास सत्र आयोजित किए गए। विदेशों में तैनात भारतीय नौसेना के युद्धपोतों पर भी योग दिवस पर विशेष आयोजन किये गये। तटरक्षक बल के हजारों जवानों तथा अधिकारियों ने भी देश भर में 60 से भी अधिक जगहों पर योग किये।
