
गुमला। होली और रमजान को लेकर गुरूवार को जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह,संयुक्त अध्यक्षता में हुई।
एसपी शंभू कुमार सिंह ने बताया कि होली के दिन रात 8 बजे से भारी वाहनों के आवागमन पर रोक लगा दी जाएगी और चार स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाएगी। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती होगी और सार्वजनिक स्थलों पर पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि होली के दौरान विवाद मुख्य रूप से नशे, ओवरस्पीडिंग और आपत्तिजनक गानों के कारण होते हैं, इसलिए डीजे पर विवादित गाने न बजाने की सख्त हिदायत दी गई है। बाहर से आने वाली अवैध शराब की बिक्री रोकने के लिए सघन जांच अभियान चलाया जाएगा और अवैध दुकानों पर छापेमारी की जाएगी। चोरी की घटनाओं पर चर्चा के दौरान यह सामने आया कि नशे की लत के कारण कई युवक अपराध में लिप्त हो रहे हैं। होली के दिन ड्राई डे रखने की भी उन्होंने जानकारी दी।
बैठक में नगर परिषद, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस प्रशासन, पंचायत प्रतिनिधियों सहित शांति समिति के सदस्य शामिल हुए। रमजान व होली के दौरान होने वाली पानी की कमी को लेकर चिंता जताई। उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि प्रत्येक वार्ड में पानी के टैंकर भेजे जाएंगे और रमजान के दौरान विशेष जलापूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। एसडीओ सदर राजीव नीरज ने बैठक में कहा कि होलिका दहन सामूहिक रूप से खुले स्थानों पर किया जाए। जिससे दुर्घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने होली के दौरान महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की।
उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने बैठक के अंत में नागरिकों से शांति बनाए रखने और प्रशासन के साथ सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब दो बड़े त्योहार एक साथ आते हैं, तो प्रशासन की जिम्मेदारी बढ़ जाती है। लेकिन गुमला की जनता हमेशा प्रेम और भाईचारे के साथ त्योहार मनाती रही है। उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि बैठक में उठाए गए सभी सुझावों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी और यदि किसी को कोई समस्या हो, तो वह सीधे जिला प्रशासन से संपर्क कर सकता है। उन्होंने साइबर अपराध के बढ़ते मामलों पर भी चिंता जताई और नागरिकों से अपील की कि किसी भी आॅनलाइन धोखाधड़ी या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर दें। बैठक के अंत में उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक और अन्य प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी नागरिकों को होली और रमजान की शुभकामनाएं दी।
