
जमशेदपुर। कदमा थाना के फार्म एरिया रोड नंबर-10 पर अपराधियों ने शनिवार सुबह एक बार फिर दिनदहाड़े एक महिला अपने देवर निलेश राव के साथ सुबह करीब 8:30 बजे पूजा कर घर लौट रही थी। बाइक सवार दो बदमाश अचानक वहां पहुंचे और झपट्टा मारकर उसकी सोने की चेन छीन ली। वारदात के वक्त महिला के पास चेन का एक हिस्सा रह गया, जबकि बाकी हिस्सा अपराधी लेकर फरार हो गए।
पीड़िता ने तत्काल भाजपा कदमा मंडल के पूर्व अध्यक्ष राजेश सिंह को सूचना दी। राजेश सिंह के सहयोग से महिला ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। राजेश सिंह ने कहा कि शहर में आए दिन बढ़ रही छिनतई की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर रही हैं। आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस से मांग की कि बढ़ते अपराधों पर तुरंत अंकुश लगाया जाए, अन्यथा भारतीय जनता पार्टी आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
एक दिन पहले शुक्रवार सुबह भी कदमा क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक कर रहे एक खिलाड़ी से चेन छिनतई की गई थी। लगातार हो रही घटनाओं से लोगों में दहशत है और पुलिस की गश्त व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हैं कि अब वे सुबह के समय भी खुलेआम वारदात को अंजाम देने से नहीं डर रहे हैं। डीएसपी मनोज ठाकुर ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा है। अपराधियों की धर-पकड़ का प्रयास किया जा रहा है।
