गुमला। गुमला शहर की बढ़ती जनसंख्या एवं यातायात संबंधी समस्याओं के समाधान, नगर सौंदर्यीकरण, स्वच्छता, स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में सुधार हेतु जिला प्रशासन ने नागरिक संवाद कार्यक्रम किया । नगर भवन, गुमला में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी एवं पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से की। उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि 50-बेड वाले क्रिटिकल केयर सेंटर का निर्माण नर्सिंग कॉलेज के समीप किया जा रहा है। पुराने समाहरणालय भवन के स्थान पर सदर अस्पताल 2 का निर्माण प्रस्तावित है, जिस पर कार्य प्रगति पर है। सदर अस्पताल में दूसरा अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित किया गया है एवं एमआईआर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। साथ ही उन्होंने गुमला सदर में अधिष्ठापित सीटी स्कैन मशीन के अधिष्ठापन पर भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में आवश्यक सुधार हेतु प्रशासन निरंतर प्रयासरत रहेगा। उपायुक्त ने जानकारी दी कि जिले में 10 नए एकलव्य विद्यालय बनाए जा रहे हैं, जिनका संचालन अगले एक साल के भीतर प्रारंभ किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि चर्चा केवल कागजों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि वास्तविक कार्यों में नजर आएगी। गुमला की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।

संवाद का मुख्य उद्देश्य शहर की प्रमुख समस्याओं को समझना एवं नागरिकों के सुझावों के आधार पर उनके समाधान हेतु ठोस निर्णय लेना था। बैठक में शहर के बुद्धिजीवी, सामाजिक कार्यकर्ता, व्यवसायी, छात्र एवं आम नागरिकों ने भाग लिया और प्रशासन को अपने सुझाव प्रस्तुत किए। अशोक कुमार जायसवाल ने मुख्य बस स्टैंड एवं शहर के बीचों-बीच होने वाली ट्रैफिक समस्या पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया। उन्होंने सुझाव दिया कि बस स्टैंड को स्थानांतरित किया जाए, ताकि जाम की समस्या हल हो सके। इस पर सर्वसम्मति से उपायुक्त द्वारा निर्णय लिया गया कि बस चालकों पर सख्त ट्रैफिक नियम लागू किए जाएंगे, अनियमित रूप से वाहन धीमे चलाने वालों पर फाइन लगेगा। आॅटो चालकों को निर्धारित स्टॉप के अलावा वाहन रोकने पर पाबंदी होगी। संजीव उर्वशी ने टावर चौक की मरम्मत एवं वहां नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा स्थापित करने का सुझाव दिया, जिसे प्रशासन ने सहर्ष स्वीकार किया। नाली निर्माण एवं सड़कों की मरम्मत को लेकर बिरमल कुमार गोयल ने सुझाव दिया कि नगर परिषद द्वारा गड्ढों की मरम्मत अविलंब की जाए। के. ओ. कॉलेज के शिक्षक ने कॉलेज के सामने आॅटो स्टैंड बनाने एवं स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग रखी, जिससे छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। बाजार टांड क्षेत्र में वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था लागू करने का सुझाव दिया गया। वार्ड नंबर 18 के नागरिकों ने बरसात के दिनों में जलभराव एवं नालियों के ओवरफ्लो की समस्या उठाई। राजेश सिंह (गुमला चैंबर आॅफ कॉमर्स के अध्यक्ष) ने ट्रैफिक जाम की समस्या को उठाया एवं सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने का अनुरोध किया। बबलू वर्मा (गुमला चैंबर आॅफ कॉमर्स) ने ब्राउन शुगर की बढ़ती बिक्री एवं स्कूली विद्यार्थियों में इसके सेवन पर चिंता जताई और इस पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। इस दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा, बिजली एवं पानी से संबंधित मुख्य समस्याओं पर भी सभी ने विस्तृत रूप से चर्चा की।

ब्राउन शुगर बेचने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है : एसपी
एसपी शंभू कुमार सिंह ने कहा कि ब्राउन शुगर बेचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है एवं ड्रग्स सेवन में लिप्त युवाओं की काउंसलिंग के लिए विशेष कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। ड्रग्स रोकथाम के लिए स्कूल-कॉलेजों के पास नियमित जांच अभियान चलाया जा रहा है। विद्यालयों के पास अवैध रूप से नशीले पदार्थ बेचने वाले पान दुकानें एवं चाय के दुकानों को बंद करने का कार्य किया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक द्वारा अभिभावकों से अपील की गई कि यदि उनके बच्चे नशे की लत में हैं तो वे सूचना दें, ताकि काउंसलिंग कर उन्हें सही मार्गदर्शन दिया जा सके। एसडीओ राजीव नीरज ने भी कहा कि बाजार क्षेत्र में बसों की अनियंत्रित पार्किंग को नियंत्रित करने के लिए विशेष नियम लागू किए जाएंगे एवं नागरिकों से प्राप्त सभी समस्याओं का समाधान जल्द किया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version