
रांची। अखिल भारतीय सिविल सेवा परीक्षा उत्तीर्ण करने वालों का प्रशिक्षण मंसूरी के साथ झारखंड में भी होगा। मंसूरी स्थित लाल बहादुर शास्त्री प्रशासनिक अकादमी ने प्रस्ताव दिया है कि आइएएस का साढ़े तीन माह का फाउंडेशन कोर्स झारखंड के रांची स्थित श्रीकृष्ण सिन्हा लोक संस्थान में कराया जा सकता है। इस कार्य के लिए महाराष्ट्र और तेलंगाना की राज्य प्रशासनिक प्रशिक्षण अकादमी का भी चयन हुआ है। दरअसल, साल भर में श्रीकृष्ण सिन्हा लोक संस्थान को बेहतर शिक्षण, गुणवत्ता और पर्यावरण के लिए आइएसओ प्रमाणपत्र मिले हैं।
राज्य और केंद्र के अधिकारियों के फाउंडेशन कोर्स और सेवा काल के दौरान प्रशिक्षण कार्यक्रम के उच्चस्तरीय संचालन के आधार पर तीनों प्रमाण पत्र मिले हैं। क्वालिटी रिसर्च आगेर्नाइजेशन (क्यूआरओ) ने संस्थान के प्रशासनिक और अकादमिक ढांचे को वैश्विक स्तर पर मान्यता दी है। भारत सरकार के कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) के दिशा निर्देश पर चार ऐसे कार्य हुए हैं, जिससे राष्ट्रीय स्तर पर श्रीकृष्ण लोक लोक संस्थान की साख बढ़ी है। यहां पर प्रशिक्षण के जरिए न सरकारी अधिकारियों को तराशा गया है, अपितु देश भर के प्रशिक्षण संस्थानों के लिए मास्टर ट्रेनर भी तैयार किए गए हैं।
डीओपीटी के राष्ट्रीय कार्यक्रम के तहत उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, पंजाब, तेलंगाना और मेघालय के अधिकारियों को भी यहां प्रशिक्षण दिया गया है। भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रशिक्षण आवश्यकता के वैज्ञानिक विश्लेषण, पाठ्यक्रम संरचना और प्रभावी प्रशिक्षण माड्यूल्स पर आधारित कार्यक्रम बनाए गए हैं। इसके जरिए प्रशिक्षकों को आधुनिक शिक्षण तकनीक में दक्ष किया गया। प्रशिक्षण को व्यावहारिक बनाने के लिए कई प्रयोग किए गए।
