रांची। लालपुर थाना क्षेत्र स्थित विंध्यवासिनी अपार्टमेंट में मृत मिले पूर्व आईएएस अधिकारी सुनील कुमार का पुलिस ने सुसाइड नोट बरामद किया है।कई पन्नों में लिखे इस नोट में उन्होंने अपनी मौत को आत्महत्या नहीं, बल्कि शरीर का बलिदान बताया है। लालपुर थाना प्रभारी रूपेश कुमार के अनुसार, नोट में सुनील कुमार ने बीमारी और घुटने के दर्द से परेशान होने की बात लिखी है।

उन्होंने अपनी अंतिम इच्छा के तौर पर वाराणसी स्थित मणिकर्णिका घाट पर अंतिम संस्कार करने की बात भी लिखी है। पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट को एफएसएल की टीम ने जब्त कर लिया है। नोट की लिखावट और उसमें दर्ज तथ्यों की जांच की जा रही है। पुलिस मामले में अन्य बिंदुओं को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है। गौरतलब है कि रविवार को लालपुर थाना क्षेत्र स्थित विंध्यवासिनी अपार्टमेंट में पूर्व आईएएस अधिकारी सुनील कुमार का शव उनके फ्लैट से बरामद किया गया था।

फ्लैट में काम करने वाली नौकरानी ने सबसे पहले उन्हें मृत अवस्था में देखा था। इसके बाद उसने आसपास के लोगों और पुलिस को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद लालपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद सोमवार को उनकी पत्नी और बेटा शव लेकर पटना चले गए थे। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट को जांच के लिहाज से महत्वपूर्ण साक्ष्य माना है।पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट में बीमारी और घुटने के दर्द से परेशान होने की बात सामने आई है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण और घटनाक्रम को लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एफएसएल रिपोर्ट और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version