
मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को तेजी देखने को मिल रही है। बेंचमार्क सेंसेक्स 1100 अंक उछलकर 79,985 अंक पर पहुंच गया, जबकि निफ्टी50 0.98 प्रतिशत या 235 अंक बढ़कर 24,352 के स्तर पर आ गया।
बीएसई सेंसेक्स के सभी शेयरों में तेजी देखने को मिल रही है। खासकर, आईटी सेक्टर शानदार प्रदर्शन करते दिखे। टेक महिंद्रा, इंफोसिस, टीसीएस और एचसीएल टेक जैसे प्रमुख आईटी शेयरों में 2 प्रतिशत तक की वृद्धि दर्ज की गई। एनएसई पर भी टेक महिंद्रा के साथ ईशर मोटर्स, ओएनजीसी और टाटा मोटर्स टॉप पर रहे। हालांकि, एचडीएफसी लाइफ इकलौता ऐसा शेयर रहा, जो गिरावट में कारोबार करता दिखा।
व्यापक बाजारों में भी तेजी का रुख देखने को मिला। मिडकैप इंडेक्स 0.89 प्रतिशत की छलांग लगाते हुए उन्नति पर रहा, वहीं स्मॉलकैप इंडेक्स भी 0.90 प्रतिशत की बढ़त के साथ मजबूत हुआ। सभी सेक्टोरल इंडेक्स हरे निशान में कारोबार कर रहे थे, जिसमें निफ्टी आईटी, निफ्टी मेटल, निफ्टी आॅटो और निफ्टी आॅयल एंड गैस ने सबसे अधिक बढ़त दर्ज की।
