लातेहार । झारखंड के लातेहार जिले में भीषण सड़क हादसा हुआ है। यहां एक बेकाबू कंटेनर ने बाइक और ऑटो को रौंद दिया। इसमें बाइक और ऑटो के परखच्चे उड़ गए। इससे बाइक और ऑटो में सवार 6 लोगों की मौत हो गई। वहीं कई लोग घायल हो गए। घायलों को तुरंत ही निकट के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की जानकारी पाते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बचाव राहत कार्य शुरू कराया।
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना चंदवा-चांपी-लोहरदगा मार्ग की है। डेढ़ टंगवा घाटी में शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि लोहरदगा की ओर से एक भरा हुआ कंटेनर तेजी से जा रहा था। डेढ़ टंगवा घाटी के ढलान पर आते ही कंटनेर बेकाबू हो गया। ड्राइवर कंटेनर पर काबू नहीं रख पाया और कंटेनर ने पहले चंदवा से लोहरदगा की ओर जा रही एक बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। इसमें बाइक पर सवार महिला और बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

इसके बाद बेकाबू कंटेनर ने एक ऑटो को अपनी चपेट में लेते हुए जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए। टक्कर के बाद कंटेनर ऑटो पर पलट गया। ऑटो में सवार लोगों में से चार लोगों की मौत होने की सूचना है। एक के बाद एक ऑटो और बाइक को चपेट में लेने से मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल घटनास्थल पर पहुंच गए।

घटना के तुरंत बाद घायलों को चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य भिजवाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सदर अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। इधर घटना के बाद चंदवा-चांपी-लोहरदगा मार्ग पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने क्रेन मशीन को बुलवाकर कंटेनर को सड़क के एक किनारे लगवाया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। खबर लिखे जाने तक मरने वालों की पहचान नहीं हो सकी थी। मरने वालों का आंकडा बढ़ सकता है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version